Begin typing your search above and press return to search.

विस बिग ब्रेकिंगः बजट सत्र का कल हो सकता है अवसान, विधानसभा की कार्यवाही की संशोधित कार्यसूची हो रही जारी, स्पीकर और बृजमोहन के बीच तीखी बहस

विस बिग ब्रेकिंगः बजट सत्र का कल हो सकता है अवसान, विधानसभा की कार्यवाही की संशोधित कार्यसूची हो रही जारी, स्पीकर और बृजमोहन के बीच तीखी बहस
X
By NPG News

NPG.NEWS
रायपुर, 8 मार्च 2021। विधानसभा से एक बड़ी खबर आ रही है। बजट सत्र का कल अवसान हो जाएगा। दो मंत्रियों को कोरोना और विपक्ष के गतिरोध को देखते विधानसभा ने तय किया है कि कल सत्र समाप्त कर दिया जाए।
खबर है, विधानसभा की कार्यवाही की संशोधित कार्यसूची तैयार हो रही है। पूर्व कार्यसूची के अनुसार आज चार मंत्रियों के विभागों पर चर्चा होनी थी। लेकिन, बताते हैं अब मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों के विभागों पर आज की चर्चा संपन्न करा ली जाएगी। इसके बाद कल विनियोग विधेयक पारित करने के बाद सत्र समाप्ति की घोषणा कर दी जाएगी।
उधर, प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में विपक्ष द्वारा आए गतिरोध के बाद स्पीकर चरणदास महंत नाराज हो गए। खबर है, महंत के निर्देश के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र समेटने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। वैसे, दो-दो मंत्रियों के कोरोना प्रभावित होने से आज सदन का नजारा बदला हुआ है। सभी के चेहरे पर कोरोना के भय की रेखाएं देखी जा रही है। स्पीकर ने आज प्रश्नकाल के दौरान कहा भी, मुख्यमंत्रीजी भी आज पहली बार मास्क लगाकर सदन में आए हैं। कोरोना की ऐसी स्थिति में मंत्री, विधायक और अधिकारी भी नहीं चाह रहे कि सत्र अब और आगे चले।
ऐसे में कल सत्र समाप्ति का ऐलान हो सकता है।

आज शून्यकाल में भी स्पीकर और विपक्ष के बीच तनातनी की स्थिति निर्मित हो गई। बृजमोहन अग्रवाल ने कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए बठेना में पांच लोगों की हत्या की ओर सदन का ध्यान खींचा। इस पर सत्ता पक्ष ने कहा कि गृह मंत्री इस मामले की जांच कराने का ऐलान किया है। इसके बाद स्पीकर ने कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए ध्यानाकार्षण के लिए धर्मजीत सिंह का नाम पुकारा। इस पर विपक्ष स्पीकर पर भड़क गया। कई सदस्य यह कहते सुने गए कि सत्ता पक्ष के साथ अब आसंदी से भी हमारी सुनवाई नहीं हो रही। इस पर स्पीकर महंत बेहद नाराज हुए। उन्होंने कहा, सदन में लगातार गतिरोध ठीक नहीं। उन्होने यहां तक कह दिया, मेरे संसदीन ज्ञान पर सवाल न उठाए, मैं मंत्री रहा हूं, सांसद रहा हूं,, मुझे पता है सदन कैसे चलाया जाता है।
इसके बाद स्पीकर और बृजमोहन अग्रवाल के बीच जमकर बहस हो गई। इसके बाद महंत सदन छोड़कर चले गए।

Next Story