
मुंबई 2 सितम्बर 2021I सड़क से उठकर इंडस्ट्री का सितारा बन जाना हर किसी के बस की बात नहीं होती। उस मुकाम तक पहुंचने के लिए लंबे संघर्ष की जरूरत होती है। हालांकि कई बार अचानक किस्मत पलटती है और लोग दुनिया की नजरों में आ जाते हैं लेकिन उन नजरों में बने रहना बड़ी बात है।जी हां, हम बात कर रहे हैं रानू मंडल की जिनके एक वीडियो ने कभी सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था।
सामने आया रानू मंडल का नया वीडियो………….
इसके बाद रानू मंडल को फिल्म में गाने का मौका भी मिला लेकिन सफलता ज्यादा दिनों तक उनका साथ नहीं दे पाई और अब रानू फिर सड़क पर आ पहुंची हैं। हाल ही में रानू मंडल का वीडियो सामने आया है जो कार के बाहर माइक पकड़े लता जी का गाना गाते नजर आ रही हैं। हालांकि उनकी वेशभूषा फिर से पुरानी वाली ही हो गई है। अब इस वीडियो को देखकर यूजर्स की तरह तरह प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
एक हाथ में झोला पकड़े रानू मंडल दूसरे हाथ में माइक पकड़कर गाना गाती नजर आ रही हैं। इस पर यूजर्स ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘सिंगर तो ठीक है लेकिन इसका घमंड इसको ले डूबा’। एक ने लिखा,’पॉवर मिलते ही घमंड हो गया’। एक अन्य यूजर ने लिखा,’अब ना इसको कोई देखना पसंद करता है और ना ही सुनना’। वहीं कुछ यूजर्स का ये भी कहना है कि इंसान से गलती हो जाती है और उन्हें एक मौका और दिया जा सकता है।
बता दें कि रानू मंडल का पश्चिम बंगाल के राणा घाट के रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने वीडियो बनाया था, जिसमें वह लता मंगेशकर का गाना ‘एक प्यार का नगमा’ है गा रही थीं। वीडियो रातों रात वायरल हो गया था और रानू मंडल एक स्टार बन गई थीं। हर तरफ उनके गाने की चर्चा होने लगी थी।
इसके बाद गायक और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया ने रानू मंडल को अपनी फिल्म ‘हैप्पी हार्डी एंड हीर’ में गाने का मौका भी दिया। इसके बाद एक फैन द्वार सेल्फी मांगने पर गुस्सा करने के चलते वो काफी ट्रोलिंग का शिकार भी हुई थीं।
रानू मंडल का मेकओवर भी किया गया था। इसे लेकर भी रानू ट्रोलिंग का शिकार हुई थीं। वो कई रियलिटी शो में बतौर खास मेहमान भी बुलाई गईं। हालांकि ये सब ज्यादा दिनों तक चल नहीं पाया और धीरे धीरे वो फिर लोगों की नजरों से गायब हो गईं।लोगों का कहना है कि रानू मंडल ने जहां से शुरुआत की थी वो फिर वहीं पहुंच चुकी हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर उनका ये वीडियो एक बार फिर जबरदस्त वायरल हो रहा है।
