रायपुर 13 फरवरी 2020। राजधानी में एक चलती सिटी बस में अचानक आग लग गयी। आग लगने की वजह से सिटी बस सवार लोगों के बीच भगदड़ की स्थिति पैदा हो गयी। हालांकि घटना में अच्छी बात ये रही की इस आगजनी से कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ है, सभी यात्री सुरक्षित हैं।
दरअसल घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। आज दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास विधानसभा की ओर से यात्रियों से भरी सिटी बस पंडरी की तरफ आ रही थी। इस दौरान पंडरी थाने से कुछ दूरी पर ही चलती बस के इंजन में आग लग गयी। देखते ही देखते बस के अंदर धुंआ भर गया। जैसे ही घटना की जानकारी बस सवार यात्रियों मिली तो भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई, जैसे-तैसे सभी यात्री बस से नीचे उतरे और इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी गयी।
घटना के दौरान सिटी बस यात्रियों से भरी हुई थी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी और स्थानिय लोगों की मदद से बस में लगी आग को बुझा लिया गया। बस में सवार सभी लोग सुरक्षित है साथ ही सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य स्थान तक छोड़ दिया गया है।