वाराणसी मर्डर केस : बालिग बहू ने सगी सास को कुल्हाड़ी से काट कर ली जान, कहानी जानकर कांप जाएगी रूह!
Varanasi Crime News : फूलपुर के कठिराव गांव में एक बहू ने अपनी 47 वर्षीय सास की कुल्हाड़ी से सिर काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर बहू ने पड़ोसी युवक के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया और बाद में शोर मचाकर पुलिस को गुमराह करने का नाटक किया. एडीसीपी नृपेंद्र की टीम ने मौके से हत्या में उपयोग हुए कुल्हाड़ी बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

वाराणसी मर्डर केस: बालिग बहू ने सगी सास को कुल्हाड़ी से काट कर ली जान, कहानी जानकर कांप जाएगी रूह!
Varanasi Crime News : वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव गांव में एक बहू ने अपनी 47 वर्षीय सास आशा देवी की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी हैं. हत्या करने के बाद आरोपी बहू ने पुलिस को गुमराह करने के लिए जमकर नाटक किया, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी.
खून से लथपथ तख्त पर मिली लाश, बहू मचाने लगी शोर
घटना बुधवार शाम की है, जब पूरा परिवार ईंट भट्ठे पर काम करने गया हुआ था. मृतका आशा देवी दोपहर में बाजार से घर लौटी थीं. शाम को अचानक बहू प्रीति जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी. शोर सुनकर जब ग्रामीण घर पहुंचे, तो कमरे का मंजर देखकर दंग रह गए. लकड़ी के तख्त पर आशा देवी का खून से लथपथ शव पड़ा था और उनके सिर पर गहरे जख्म थे. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना फूलपुर पुलिस को दी.
कड़ाई से पूछताछ में बहू ने उगला सच
मौके पर पहुंचे एडीसीपी नृपेंद्र और थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को बहू प्रीति के बयानों में झोल लगा. शुरुआत में प्रीति ने अनजान बनने का नाटक किया और पुलिस को बरगलाने की कोशिश की. लेकिन जब फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो प्रीति ने कबूल किया कि सास के साथ होने वाले रोज-रोज के झगड़ों और टोका-टाकी से वह तंग आ चुकी थी. इसी नफरत के चलते उसने अपनी सास को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.
पड़ोसी युवक के साथ मिलकर रची साजिश
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ. इस हत्याकांड में प्रीति अकेली नहीं थी, बल्कि उसने अपने पड़ोसी एक युवक के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी. दोपहर में जब घर पर कोई नहीं था, तब मौका पाकर प्रीति ने कुल्हाड़ी से अपनी सास के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी बहू के साथ-साथ पड़ोसी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के पति सुभाष वनवासी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
मध्यप्रदेश के छतरपुर में भी बहु ने सास को मार डाला था
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के खुड़ेरी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई थी, जुझारनगर थाना क्षेत्र में लक्ष्मी सिंह नामक महिला ने अपने पड़ोसी प्रेमी सचिन सिंह के साथ मिलकर अपनी सास सुनीला सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी थी. घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने लक्ष्मी के बयानों में झोल पाया और सख्ती से पूछताछ की. जांच में सामने आया कि मृतका ने बहू को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद राज खुलने के डर से बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर रात के अंधेरे में सास के सिर पर ईंटों से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था.
