Begin typing your search above and press return to search.

UP Bomb Threat: लखनऊ-अयोध्या समेत 19 कचहरी को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, धमकी के बाद कोर्ट खाली, यूपी में हाई अलर्ट जारी

UP Bomb Threat : राजधानी लखनऊ, रामनगरी अयोध्या और धर्मनगरी वाराणसी समेत प्रदेश के 19 जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस धमकी भरे ईमेल के मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में सभी प्रभावित कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया

UP Bomb Threat: लखनऊ-अयोध्या समेत 19 कचहरी को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, धमकी के बाद कोर्ट खाली, यूपी में हाई अलर्ट जारी
X

UP Bomb Threat: लखनऊ-अयोध्या समेत 19 कचहरी को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, धमकी के बाद कोर्ट खाली, यूपी में हाई अलर्ट जारी

By Uma Verma

UP Bomb Threat: लखनऊ : उत्तर प्रदेश से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ राजधानी लखनऊ, रामनगरी अयोध्या और धर्मनगरी वाराणसी समेत प्रदेश के 19 जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस धमकी भरे ईमेल के मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में सभी प्रभावित कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है.

ईमेल में दी गई धमकी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा संदेश जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था. हिंदी में लिखे गए इस मेल में लिखा गया था कि आज दोपहर डेढ़ बजे जुम्मे की नमाज के बाद कचहरी को बम से उड़ा दिया जाएगा, बच सको तो बच लो. जैसे ही इस ईमेल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिली, तत्काल पूरे प्रदेश की पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए.

परिसर खाली कराया गया

धमकी की सूचना मिलते ही लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट, अयोध्या और वाराणसी की कचहरियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पुलिस ने वकीलों, कर्मचारियों और अपने काम से आए लोगो को सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत परिसर से बाहर निकाला. कोर्ट के सभी प्रवेश और बाहर निकलने वाले रास्तो को सील कर दिया गया और कोर्ट का नियमित कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया गया.

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय खुफिया टीम के दर्जनों लोग मौके पर तैनात किए गए. लखनऊ के सिविल कोर्ट परिसर में पुलिस के आला अधिकारी खुद कमान संभाले हुए हैं. कोर्ट के एक-एक कमरे, कैंटीन, पार्किंग और झाड़ियों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु न छिपी हो. फिलहाल, खबर लिखे जाने तक किसी भी जगह से विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन तलाशी अभियान अभी भी जारी है.

पुलिस की अपील

साइबर सेल और पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं कि यह ईमेल किस सर्वर से और किसने भेजा है. अधिकारियों का मानना है कि यह किसी की सोची-समझी शरारत भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा रहा है. सीओ सिटी और सीजेएम खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस का सहयोग करें.

पहले ही आ चुके हैं ऐसे धमकी भरे मेल

यूपी की अदालतों को धमकी : ठीक इसी तरह जनवरी 2024 में भी लखनऊ और कानपुर समेत यूपी के कई जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. उस समय भी जिला जज को ईमेल भेजा गया था. जांच के बाद पता चला था कि यह किसी की शरारत थी, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे दिन कामकाज ठप रहा.

प्रयागराज कचहरी और हाईकोर्ट : इलाहाबाद हाईकोर्ट और प्रयागराज की जिला कचहरी को भी कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. एक बार एक सिरफिरे ने तो फोन करके खुद को आतंकी संगठन का हिस्सा बताकर कोर्ट उड़ाने की बात कही थी, जिसे बाद में पुलिस ने ट्रैकिंग के जरिए गिरफ्तार कर लिया था.

वाराणसी बम ब्लास्ट : यह जानना जरूरी है कि प्रशासन इन धमकियों को इतनी गंभीरता से क्यों लेता है. साल 2007 में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ की कचहरियों में एक ही दिन, लगभग एक ही समय पर बम धमाके हुए थे. उस वास्तविक घटना के बाद से ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर पुलिस हमेशा हाई अलर्ट पर रहती है.

Uma Verma

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.

Read MoreRead Less

Next Story