सहारनपुर : डीजे पर नाच रहे दूल्हे के जीजा ने भाजपा नेता के सीने में उतारी गोली, शादी की खुशियां मातम में बदली...
Saharanpur BJP Leader Death : शादी की खुशियों के बीच दूल्हे के जीजा ने जोश में आकर ऐसी गोली चलाई कि भाजपा महामंत्री शिवचरण रोहिला की मौत हो गई. डीजे पर नाचते हुए हुई इस फायरिंग को मृतक के बेटे ने हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या और साजिश बताया है. पुलिस ने आरोपी को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

सहारनपुर : डीजे पर नाच रहे दूल्हे के जीजा ने भाजपा नेता के सीने में उतारी गोली, शादी की खुशियां मातम में बदली...
BJP Leader Shot Dead in Wedding Firing : सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे की धुन पर थिरक रहे बारातियों के बीच अचानक गोली चल गई. इस हादसे में भाजपा के मानकमऊ मंडल महामंत्री शिवचरण रोहिला 50 वर्ष की जान चली गई. कहने को तो यह हर्ष फायरिंग का मामला लग रहा है, लेकिन मृतक के बेटे ने पुलिस को दी तहरीर में इसे एकसाजिश और हत्या बताया हैं.
नाचते-गाते दूल्हे के जीजा ने चलाई गोली
वाकया कोतवाली मंडी क्षेत्र के रामलीला भवन का है. यहां नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी का समारोह चल रहा था. शिवचरण रोहिला भी इस शादी में शामिल होने पहुंचे थे. चश्मदीदों के मुताबिक, शामली निवासी रोहित उपाध्याय, जो रिश्ते में दूल्हे का जीजा लगता है, हाथ में अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर डीजे पर डांस कर रहा था. जोश में आकर उसने हवाई फायरिंग शुरू कर दी. मिली जानकारी के अनुसार दो बार उसने आसमान की तरफ गोली चलाई, जिसकी आवाज डीजे के शोर में दब गई. लेकिन तीसरी बार जब उसने ट्रिगर दबाया, तो गोली सीधे पास खड़े शिवचरण के सीने में जा धंसी.
बेटे का आरोप साजिश के तहत मारी गोली
गोली लगते ही शिवचरण जमीन पर गिर पड़े और शादी में भगदड़ मच गई. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शिवचरण के बेटे हर्षित का कहना है कि आरोपी रोहित ने जानबूझकर उसके पिता को निशाना बनाया है. और यह भी कहा कि अगर फायरिंग हवाई हो रही थी, तो गोली सीधे सीने में कैसे लगी. इसी बिंदु को आधार बनाकर बेटे ने इसे सोची-समझी हत्या बताया है.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी अभिनंदन समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया और तलाश शुरू कर दी. शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी रोहित उपाध्याय को बाबा लालदास मंदिर के पास से धर दबोचा. उसके पास से कत्ल में इस्तेमाल हुई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मूल रूप से चंदनपुर के रहने वाले शिवचरण पिछले 20 सालों से सहारनपुर में रह रहे थे. वो अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जिनकी अभी शादी भी नहीं हुई है. इस दुखद खबर के बाद मेयर डॉ. अजय कुमार और पूर्व मेयर संजीव वालिया समेत कई भाजपा नेता पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां रसूख और हथियारों के प्रदर्शन की सनक ने छीन लीं.
पहले भी हुए हैं ऐसी मामले
साल 2021 में मऊ जिले के एक विवाह समारोह में ऐसी ही एक वारदात हुई थी. यहाँ एक रिटायर्ड फौजी ने खुशी के माहौल में अपनी राइफल से हर्ष फायरिंग कर दी. बदकिस्मती से वह गोली सीधे वहां मौजूद एक मासूम बच्चे और भाजपा नेता के करीबी को जा लगी. सहारनपुर की तरह यहाँ भी शादी का जश्न पल भर में चीख-पुकार में बदल गया था, इस घटना के बाद शासन ने कड़े निर्देश जारी किए थे कि शादियों में पिस्तौल ले जाना और फायरिंग करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, फिर भी लोग रसूख दिखाने से बाज नहीं आते.
