Begin typing your search above and press return to search.

टी-20 वर्ल्ड कप छोड़ पिता को विदा करने पहुंचे रिंकू सिंह, नम आंखों से दिया अर्थी को कंधा...

Rinku Singh Father Death : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का आज शुक्रवार तड़के 4:36 बजे निधन हो गया. वे लंबे समय से चौथे स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे. पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप को बीच में छोड़कर चेन्नई से अलीगढ़ पहुंचे और नम आंखों से पिता की अर्थी को कंधा दिया. अलीगढ़ के शंकर विहार श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.

टी-20 वर्ल्ड कप छोड़ पिता को विदा करने पहुंचे रिंकू सिंह, नम आंखों से दिया अर्थी को कंधा...
X

टी-20 वर्ल्ड कप छोड़ पिता को विदा करने पहुंचे रिंकू सिंह, नम आंखों से दिया अर्थी को कंधा...

By Uma Verma

Rinku Singh Father Death : अलीगढ़ : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का आज शुक्रवार तड़के करीब 4:36 बजे निधन हो गया. वे लंबे समय से चौथे स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप को बीच में छोड़कर चेन्नई से सीधे अलीगढ़ पहुंचे और अपने पिता को अंतिम विदाई दी.

ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस

रिंकू के पिता खानचंद सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से बहुत नाजुक बनी हुई थी. उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था, जहाँ वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. आज शुक्रवार सुबह जैसे ही उनके निधन की खबर आई, खेल जगत और अलीगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई.

बेटे रिंकू ने दिया कंधा, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि

पिता के पार्थिव शरीर को अस्पताल से अलीगढ़ के उनके पैतृक निवास लाया गया. देश के लिए मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले रिंकू सिंह अपने पिता की अर्थी को कंधा देते हुए भावुक नजर आए. अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र स्थित शंकर विहार श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. बड़े बेटे सोनू सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशंसक परिवार को ढांढस बंधाने पहुँचे.

देश से पहले पिता का साथ, वर्ल्ड कप छोड़ आए रिंकू

रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के मुख्य खिलाड़ियों में शामिल हैं. पिता की हालत बिगड़ने पर वो मंगलवार को भी नोएडा आए थे, लेकिन 25 फरवरी को वापस चेन्नई लौट गए थे. आज शुक्रवार को निधन की सूचना मिलते ही वो दोबारा घर के लिए रवाना हुए. 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच में वो प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे, लेकिन फील्डिंग के लिए मैदान पर उतरे थे. भारत का अगला मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज से है, जिसमें रिंकू का खेलना अनिश्चित है.

मुश्किल घड़ी में मंगेतर प्रिया सरोज का साथ

रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज पिछले चार दिनों से रिंकू के परिवार के साथ अस्पताल और घर पर मौजूद हैं. प्रिया के पिता तूफानी सरोज ने बताया कि वे खुद भी रात में अस्पताल गए थे. रिंकू और प्रिया की शादी इसी साल जून में होने वाली थी. युवराज सिंह समेत कई दिग्गज क्रिकेटरों और आईपीएल टीम केकेआर ने खानचंद सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

कौन हैं प्रिया सरोज

प्रिया सरोज भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर हैं और वे उत्तर प्रदेश के मछलीशहर संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं. प्रिया राजनीति के साथ-साथ वकालत के पेशे से भी जुड़ी रही हैं और उनके पिता तूफानी सरोज भी राजनीति के कद्दावर खिलाड़ी रहे हैं. रिंकू और प्रिया की सगाई पिछले साल हुई थी और दोनों की शादी जून 2026 में होना तय हुआ है. हाल ही में रिंकू के पिता के निधन की दुखद घड़ी में प्रिया लगातार उनके परिवार के साथ खड़ी नजर आईं.

Uma Verma

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.

Read MoreRead Less

Next Story