मुरादाबाद में दिनदहाड़े खुनी खेल : नमाज पढ़ने जा रहे जज के पिता की सरेराह हत्या, हिस्ट्रीशीटर साले ने सिर में मारी गोली....
Moradabad Horror : मुरादाबाद में नमाज पढ़ने जा रहे बेकरी कारोबारी मोहम्मद असद की उनके ही हिस्ट्रीशीटर साले ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. 10 लाख की रंगदारी और संपत्ति विवाद को लेकर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

मुरादाबाद में दिनदहाड़े खुनी खेल : नमाज पढ़ने जा रहे जज के पिता की सरेराह हत्या, हिस्ट्रीशीटर साले ने सिर में मारी गोली....
Moradabad Bakery Owner Murder : मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार की शाम रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. रोजा इफ्तारी के बाद अपने छोटे साले के साथ मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे बेकरी व्यवसायी मोहम्मद असद की उनके ही बड़े साले ने बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावर कोई और नहीं, बल्कि इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जफर है, जो पिछले काफी समय से अपने ही बहनोई से रंगदारी की मांग कर रहा था.
बीच चौराहे पर वारदात, सिर में सटाकर मारी गोली
घटना शुक्रवार शाम की है, जब जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद इफ्तारी करने के बाद अपने छोटे साले मुजाहिद के साथ स्कूटी पर सवार होकर कोतवाली क्षेत्र की लाल मस्जिद जा रहे थे. जैसे ही वे नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे पर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे हिस्ट्रीशीटर जफर ने अपने एक साथी के साथ उन्हें घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जफर ने आव देखा न ताव और असद के सिर पर पिस्टल सटाकर ट्रिगर दबा दिया. गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए.
संपत्ति विवाद और 10 लाख की रंगदारी बनी वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे पारिवारिक और संपत्ति का विवाद है. मृतक असद का अपने बड़े साले जफर के साथ काफी समय से मनमुटाव चल रहा था. बताया जा रहा है कि जफर एक मकान और संपत्ति के हिस्से को लेकर विवाद कर रहा था और पिछले कुछ दिनों से असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था. इस धमकी और रंगदारी को लेकर असद ने पहले ही सिविल लाइंस थाने में जफर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपी ने पुलिसिया कार्रवाई से पहले ही असद को मार डाला.
न्यायिक सेवा में हैं बेटी और दामाद
मृतक मोहम्मद असद शहर के प्रतिष्ठित बेकरी संचालक थे. उनका परिवार समाज में काफी सम्मानित है. उनकी बेटी असमा सुल्ताना और उनके दामाद दोनों ही जज हैं और वर्तमान में बुलंदशहर में पोस्टिंग हैं. पिता की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है. असद अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियां छोड़ गए हैं.
पुलिस की 5 टीमें कर रही हैं तलाश
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. घायल असद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया है. पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर जफर और उसके साथी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
हाल ही में ऐसा मामला ग्रेटर नोएडा से आया था
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी. जहां बेखौफ बदमाशों ने युवक नितिन को घेरकर सरेराह गोलियों से भून दिया था. हत्या की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें साफ दिख रहा था कि तीन हथियारबंद हमलावरों ने पहले नितिन को जमीन पर गिराकर पीटा और फिर एक महिला के सामने ही उसके सिर में गोली मारकर फरार हो गए. हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बीच-बचाव करने आई महिला को भी तमंचा दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था.
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक नितिन हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था और उस पर हमलावरों के परिवार के ही किसी सदस्य की हत्या का आरोप था. इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सचिन और उसके साथियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया.
