Begin typing your search above and press return to search.

IT की बारात और विधायक के घर नोटों का अंबार : उमाशंकर सिंह के ठिकानों से 10 करोड़ कैश बरामद, जांच में बड़े अफसरों के नाम आए सामने

Umashankar Singh IT Raid : उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई में अब तक 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हो चुकी है. बाराती बनकर और गाड़ियों पर शादी के स्टिकर लगाकर पहुंचे अधिकारियों ने विधायक के लखनऊ, बलिया और सोनभद्र समेत 30 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापा मारा. अवैध खनन और टैक्स चोरी के आरोपों में हुई इस छापेमारी ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों ने कई बड़े अधिकारियों को भी रडार पर ला दिया है.

IT की बारात और विधायक के घर नोटों का अंबार : उमाशंकर सिंह के ठिकानों से 10 करोड़ कैश बरामद, जांच में बड़े अफसरों के नाम आए सामने
X

IT की बारात और विधायक के घर नोटों का अंबार : उमाशंकर सिंह के ठिकानों से 10 करोड़ कैश बरामद, जांच में बड़े अफसरों के नाम आए सामने

By Uma Verma

BSP MLA Umashankar Singh IT Raid : लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई ने पूरे प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है. बलिया की रसड़ा सीट से विधायक और उनके करीबियों के ठिकानों पर बुधवार से शुरू हुई छापेमारी गुरुवार को लखनऊ आवास पर तो खत्म हो गई, लेकिन विधायक के दफ्तर और अन्य जगहों पर अब भी जांच जारी है. ताजा अपडेट के मुताबिक, अब तक विधायक और उनके करीबियों के घर से करीब 10 करोड़ रुपये की नकद राशि बरामद की जा चुकी है.

अधिकारी बने बाराती, गाड़ियों पर लगे थे शादी के पोस्टर

आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस पूरी रेड को फिल्मी सीन की तरह अंजाम दिया. विधायक उमाशंकर सिंह की लोकप्रियता और समर्थकों की भीड़ को देखते हुए टीम ने खास रणनीति अपनाई. सरकारी गाड़ियों की जगह प्राइवेट गाड़ियां इस्तेमाल की गईं और उन पर महेंद्र संग संगीता नाम के शादी वाले स्टिकर लगाए गए. ऐसा इसलिए किया गया ताकि किसी को शक न हो कि यह रेड है. बाराती बनकर पहुंचे इन अधिकारियों ने सीधे विधायक के आवास पर दस्तक दी और जैसे ही अंदर घुसे, छापेमारी शुरू कर दी.

क्यों हुई यह बड़ी कार्रवाई

उमाशंकर सिंह छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन और साईं राम इंटरप्राइजेज जैसी कंपनियों के जरिए सड़क निर्माण और खनन का बड़ा कारोबार करते हैं. दरअसल, पिछले साल सीएजी की एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें सोनभद्र में हुए अवैध खनन की वजह से सरकार को करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात कही गई थी. इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर आयकर विभाग ने टैक्स चोरी और काली कमाई का पता लगाने के लिए लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत 30 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापा मारा.

ब्यूरोक्रेट्स और रसूखदारों के नाम भी रडार पर

जांच के दौरान टीम के हाथ कुछ ऐसे दस्तावेज और डायरियां लगी हैं, जिन्होंने कई बड़े अधिकारियों की नींद उड़ा दी है. सूत्रों के मुताबिक, इन कागजातों में कुछ नौकरशाहों के नाम और उन्हें दी जाने वाली बड़ी रकम का जिक्र है. शक है कि खनन से होने वाली काली कमाई का एक बड़ा हिस्सा इन अधिकारियों के माध्यम से निवेश किया गया है.

लखनऊ के गोमतीनगरस्थित आवास पर जांच पूरी होने के बाद अब सारा ध्यान वजीर हसन रोड और अन्य दफ्तरों पर है. आयकर विभाग को उम्मीद है कि अभी कई और बेनामी संपत्तियों और बैंक खातों का खुलासा हो सकता है.

कौन हैं उमाशंकर सिंह

उमाशंकर सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक ऐसा चेहरा हैं, जिन्होंने बहुत ही कम समय में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. वे बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक हैं. खास बात यह है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जहाँ पूरी यूपी में बसपा का सूपड़ा साफ हो गया था, वहीं उमाशंकर सिंह इकलौते ऐसे विधायक थे जिन्होंने अपनी सीट बचाकर विधानसभा में पार्टी का झंडा बुलंद रखा. राजनीति में आने से पहले वे एक साधारण पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते थे, लेकिन कड़ी मेहनत और व्यापारिक सूझबूझ से उन्होंने अपना बड़ा साम्राज्य खड़ा किया. आज वे यूपी के सबसे अमीर विधायकों में गिने जाते हैं और अपने क्षेत्र में मददगार नेता के रूप में काफी लोकप्रिय हैं.

व्यवसाय की बात करें तो उमाशंकर सिंह का मुख्य कारोबार कंस्ट्रक्शन और माइनिंग से जुड़ा है. उनकी कंपनी छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बड़े सरकारी ठेके और सड़क निर्माण का काम करती है. व्यापार में मिली बड़ी सफलता ने उन्हें राजनीति की सीढ़ियां चढ़ने में मदद की. हालांकि, उनकी यही संपत्ति और खनन कारोबार अक्सर विवादों और जांच एजेंसियों के रडार पर भी रहता है. अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और क्षेत्र में बड़े आयोजन कराने के लिए मशहूर उमाशंकर सिंह को मायावती का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है, जो हर मुश्किल वक्त में पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं.

Uma Verma

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.

Read MoreRead Less

Next Story