Begin typing your search above and press return to search.

IAS Transfer News 2024: विधायकों की शिकायत के बाद तीन दिन में हटाए गए निगम कमिश्नर, 100 करोड़ के ठेके में अनियमितता का आरोप

IAS Transfer News 2024: 2016 बैच के उत्तरप्रदेश कैडर के आईएएस अमित आसेरी अलीगढ़ निगम कमिश्नर के पद पर तैनात थे...

IAS Transfer News 2024: विधायकों की शिकायत के बाद तीन दिन में हटाए गए निगम कमिश्नर, 100 करोड़ के ठेके में अनियमितता का आरोप
X
By Sandeep Kumar

IAS Transfer News 2024: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने आज फिर से आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। एक सिंगल आदेश जारी कर अलीगढ़ में तैनात नगर निगम कमिश्नर अमित आसेरी को हटा दिया गया है। अमित आसेरी 2016 बैच के आईएएस हैं। उनके खिलाफ जनता के साथ ही जनप्रतिनिधियों से रूखा व्यवहार करने की शिकायत दो विधायकों ने की थी। शिकायत के तीसरे ही दिन उन्हें हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

अलीगढ़ नगर निगम में 2016 बैच के आईएएस अमित आसेरी

ने 19 सितंबर 2022 को अलीगढ़ नगर निगम कमिश्नर का पदभार सम्हाला था। अपने कार्यकाल में अमित आसेरी जनता की समस्याओं को सुलझाने में खरे नहीं उतर पाए। शहर में कई समस्याएं जस की तस बनी हुई थी। शहर में जगह-जगह जल भराव की समस्या से भी निपटा नहीं जा सका था। इसके अलावा पूरे शहर में जगह-जगह पेयजल आपूर्ति की समस्या थी। शहर के हर वार्ड के लोग जलापूर्ति की शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचते थे। लोगों ने गर्मी के मौसम में पानी की समस्या को देखते हुए नगर निगम का घेराव, धरना प्रदर्शन, अधिकारियों को चूड़ी भेंट करना जैसे कदम भी उठाए। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में निगम के सेवा भवन में आकर प्रदर्शन किए पर विस्तृत कार्य योजना के अभाव में जल आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

अमित आसेरी का 1 वर्ष 10 माह का कार्यकाल असफलताओं से भरा रहा। उनके नगर निगम कमिश्नर रहने के दौरान पहली बार निगम के सेवा भवन में नाराज जनता ने ताला जड़ा था। इसके अलावा पार्षद भी उनके रवैये से तंग आ गए थे। पार्षदों व जनप्रतिनिधियों से निगम कमिश्नर लगातार रूखा व्यवहार करते थे। वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं करवा पाने के कारण पार्षदों के खिलाफ भी जनता गुस्सा उतारती थी और लगातार उनका घेराव करती थी। पार्षदों के माध्यम से भी निगम कमिश्नर की शिकायत बड़े नेताओं तक पहुंचती थी। पेय जल समस्या के समाधान के लिए नगर विधायक मुक्ता राजा से लेकर कोल विधायक अनिल पाराशर ने निगम आयुक्त को पत्र लिखे पर उनके कानों में जूं तक नहीं रेंगी।

एक अरब से अधिक के ठेकों में घोटाले का आरोप

नगर निगम आयुक्त अमित आसेरी के खिलाफ 100 करोड़ रुपए से अधिक के ठेकों में अनियमितता बरतने का आरोप है। नगर निगम के द्वारा 102 करोड़ रुपए का कूड़ा उठान प्राइवेट कंपनी को दे दिया गया। ठेका देने के लिए नगर निगम की समान्य सभा में चर्चा तक नही की गई। गुपचुप ढंग से बगैर किसी को भनक लगे ठेका दे दिया गया। पूर्व में जीस ए टू ज कंपनी को ठेका दिया गया था उसे निगम ने कचरा उठाने के लिए 50 गाडियां दी थी। और वर्तमान में जिस कंपनी को ठेका दिया गया है उसे बगैर टेंडर के 322 गाड़ियां खरीद कर दे दी गई। इसके अलावा नाला सफाई के लिए दो फर्मो को टेंडर दिए गए थे जिन्हें बिना नाला सफाई किए ही 10 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया।

अमित आसेरी के निगम आयुक्त के कार्यकाल में प्रकाश व्यवस्था भी लचर रही। पहले ईईएसएल कंपनी फिर इयान और उसके बाद होलोनेक्स कंपनी की लाइटें लगाई गईं। होलोनेक्स की लाइटें जो फर्म लगा रही है उसका प्रस्ताव भी नगर निगम के सदन में नहीं रखा गया। मनमर्जी से केवल टेंडर कराकर पांच करोड़ का ठेका दे दिया गया।

विधायकों की शिकायत के तीन दिन बाद ही तबादला

नगर विधायक मुक्ता राजा और कोल विधायक अनिल पाराशर ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर निगम कमिश्नर अमित आसेरी की शिकायत की थी। पेयजल की समस्या से लेकर जनप्रतिनिधियों से रूखे व्यवहार को आधार बनाते हुए विधायकों ने मुख्यमंत्री को बताया था कि अमित आसेरी के कार्यव्यवहार के चलते ही लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को शहरी विधानसभा से काफी कम बढ़त मिली थी। मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद दोनों विधायकों ने मीडिया से बात करते हुए निगम कमिश्नर की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की पुष्टि की और कहा था कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन करने में असफल है।

तीन दिन पहले हुई शिकायत के बाद कल देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सामान्य प्रशासन विभाग ने एक सिंगल आदेश निकाला। जारी आदेश में अलीगढ़ में तैनात नगर निगम आयुक्त आईएएस अमित आसेरी को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग बना दिया गया। उनकी जगह विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग के पद पर तैनात आईएएस विनोद कुमार को अलीगढ़ का नया आयुक्त नियुक्त किया गया हैं।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story