ग्रेटर नोएडा में रंजिश की ये कैसी आग जिसने युवक को सड़क पर दौड़ाकर गोलियों से भून डाला...वीडियो वायरल
Greater Noida Murder Video : रंजिश की आग में सुलग रहे ग्रेटर नोएडा में आज मंगलवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी. थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र के लुक्सर गांव में बेखौफ बदमाशों ने 25 साल के एक युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया. हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने बचाने आई एक महिला के सामने ही युवक के सीने में गोलियां उतार दीं. वारदात का रूह कंपा देने वाला सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

ग्रेटर नोएडा में रंजिश की ये कैसी आग जिसने युवक को सड़क पर दौड़ाकर गोलियों से भून डाला...वीडियो वायरल
Greater Noida Murder Video : ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से रूह कंपा देने वाली एक वारदात सामने आई है. आज मंगलवार की सुबह थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र के लुक्सर गांव में आपसी रंजिश की आग इस कदर भड़की कि तीन हमलावरों ने 25 साल के एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर गोलियों से भून डाला. हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने सरेआम इस हत्याकांड को अंजाम दिया और बड़े आराम से फरार हो गए. मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
रंजिश की आग और सरेआम कत्ल
जानकारी के मुताबिक, नितिन का गांव के ही सचिन और उसके साथियों के साथ पुराना विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि नितिन अभी कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था. वह सचिन के परिवार के ही किसी सदस्य की हत्या के मामले में जेल गया था. इसी पुराने बदले की आग में सचिन और उसके 2-3 साथी हथियारों लेकर आए और नितिन को निशाना बनाया. जैसे ही हमलावरों ने उसे देखा, ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. नितिन अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया और जमीन पर गिराकर मौत के घाट उतार दिया.
CCTV फुटेज आया सामने
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि तीन लड़के हाथों में पिस्टल लेकर नितिन के पीछे दौड़ रहे हैं. वो उसे सड़क पर ही दबोच लेते हैं और बुरी तरह पीटने के बाद करीब से गोलियां मार देते हैं. इस दौरान एक महिला हिम्मत दिखाकर नितिन को बचाने की कोशिश करती है, वह हमलावरों के सामने गिड़गिड़ाती है, चिल्लाती है, लेकिन हत्यारे उसे भी हथियार दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर देते हैं. महिला के सामने ही युवक को गोलियों से छलनी कर दिया जाता है.
परिजनों का फूटा गुस्सा, एनकाउंटर की मांग
नितिन की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. घरवालों का कहना है कि जब इलाके में पुलिस कमिश्नरेट लागू है, तो बदमाशों में कानून का खौफ क्यों नहीं है. दुखी परिजनों ने मांग की है कि दोषियों को गिरफ्तार कर उनका एनकाउंटर किया जाए, ताकि इलाके में बदमाशों को सबक मिले.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एडीसीपी ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
