रिश्तों का कत्ल : गोरखपुर में विधवा बहू के साथ ससुर ने की शर्मनाक हरकत; विरोध करने पर ननद और भतीजे ने पीटा
Gorakhpur Crime News : गोरखपुर के गुलरिहा में एक ससुर ने अपनी ही विधवा बहू के साथ शर्मनाक हरकत की. आरोप है कि नहाते समय ससुर ने बहू के साथ बदतमीजी की और विरोध करने पर ननदों के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटा. पुलिस ने ससुर समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रिश्तों का कत्ल : गोरखपुर में विधवा बहू के साथ ससुर ने की शर्मनाक हरकत; विरोध करने पर ननद और भतीजे ने पीटा
Gorakhpur Crime News : गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एक ससुर ने अपनी ही विधवा बहू के साथ घिनौनी हरकत की. पति की मौत के बाद जिस घर में महिला खुद को सुरक्षित समझ रही थी, वहीं उसके ससुर की गंदी नजर उस पर पड़ गई. आरोप है कि ससुर ने बाथरूम में नहा रही बहू के साथ बदतमीजी की और जब महिला ने शोर मचाया, तो उसे इंसाफ मिलने के बजाय घर के अन्य सदस्यों ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया.
पति की मौत के बाद बदल गया ससुर
घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र की है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2018 में एक सड़क हादसे में उसके पति की मौत हो गई थी. पति के जाने के बाद वह अपने बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रही थी. महिला का आरोप है कि पति के देहांत के कुछ समय बाद ही उसके ससुर का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. वह आए दिन बहू के सामने अश्लील हरकतें करने लगा. शुरुआत में महिला ने लोक-लाज के डर से सब कुछ सहा, लेकिन ससुर के इरादे दिन-ब-दिन और ज्यादा खराब होते चले गए.
बाथरूम का दरवाजा खटखटाया और हाथ पकड़कर खींचा
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि एक दिन वह बाथरूम में नहा रही थी और उसके बच्चे कमरे में सो रहे थे. घर में कोई और नहीं था, इसी का फायदा उठाकर ससुर बाथरूम के पास पहुँचा और दरवाजा खटखटाने लगा. जैसे ही बहू ने दरवाजा खोला, ससुर ने उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींच लिया. महिला किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहाँ से भागी. इस घटना से वह बुरी तरह सहम गई और उसने तुरंत अपने रिश्तेदारों और ननदोई को फोन करके घर बुलाया.
इंसाफ माँगने पर मिली पिटाई
हैरानी की बात तो यह है कि जब बहू ने इस घिनौनी करतूत की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी, तो उन्होंने उसका साथ देने के बजाय उसे ही चुप रहने को कहा. आरोप है कि महिला की तीनों ननदें, भांजा और खुद ससुर मिलकर उसे पीटने लगे. परिवार वालों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और घर से बाहर निकालने की कोशिश की. महिला का कहना है कि उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह कहाँ जाए, इसलिए उसने पुलिस की शरण ली.
पुलिस की कार्रवाई और इलाके में चर्चा
गुलरिहा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर ससुर समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोग ससुर की इस हरकत की जमकर निंदा कर रहे हैं. गांव में हर तरफ इसी बात की चर्चा है कि कैसे एक ससुर, जो पिता के समान होता है, वह ऐसी शर्मनाक हरकत कर सकता है.
यूपी के शामली से भी आया था ऐसी ही हैवानियत की खबर
उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला इलाके से साल 2023 में एक ऐसी वारदात सामने आई थी, जिसने समाज में ससुर और बहू के रिश्ते को शर्मसार कर दिया था. यहाँ एक विधवा बहू ने अपने ससुर पर आरोप लगाया था कि पति की मौत के बाद वह बेसहारा हो गई थी, जिसका फायदा उठाकर ससुर ने उस पर गंदी नजर डालनी शुरू कर दी. आरोपी ससुर अक्सर बहू को अकेला पाकर उसे डराता-धमकाता था और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता था. महिला लोक-लाज और बच्चों के भविष्य के डर से काफी समय तक खामोश रही, लेकिन ससुर की दरिंदगी कम होने के बजाय बढ़ती ही गई.
बहू ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, तो ससुर ने हैवानियत की सारी सीमाएं लांघ दीं. उसने बहू को धमकी दी कि अगर उसने मुँह खोला या पुलिस के पास गई, तो वह उसके चेहरे पर तेजाब फेंककर उसे बर्बाद कर देगा. इस डरावनी धमकी के बावजूद पीड़िता ने हार नहीं मानी और पुलिस की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ससुर को हिरासत में लिया.
