फतेहपुर : पालतू कुत्ते की पिटाई पर दुल्हन का पारा हाई, मंडप में चले लाठी-डंडे; टूटी शादी...
Fatehpur News : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक पालतू कुत्ते की पिटाई को लेकर शादी के मंडप में ऐसा बवाल हुआ कि खुशियों का माहौल रणक्षेत्र में बदल गया. बारातियों द्वारा कुत्ते को मारने से नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. पुलिस के दखल के बाद गहनों और तोहफों का लेन-देन कर शादी रद्द कर दी गई.

फतेहपुर : पालतू कुत्ते की पिटाई पर दुल्हन का पारा हाई, मंडप में चले लाठी-डंडे; टूटी शादी...
Fatehpur Wedding Dog Dispute : फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहाँ एक बेजुबान जानवर के प्रति प्यार ने शादी को टूटने की दहलीज पर खड़ा कर दिया. यहाँ एक शादी समारोह के दौरान बारातियों ने दुल्हन के पालतू कुत्ते की पिटाई कर दी, जिससे विवाद इतना बढ़ गया कि मंडप के नीचे जमकर लाठी-डंडे और कुर्सियां चलीं. बात यहीं खत्म नहीं हुई, इस अपमान से आहत होकर दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया.
कुत्ते के भौंकने पर शुरू हुआ बवाल
घटना खागा थाना क्षेत्र की है. प्रयागराज से एक बारात फतेहपुर के एक गेस्ट हाउस आई थी. जयमाला और बाकी रस्में हंसी-खुशी पूरी हो गई थीं. सुबह करीब 4 बजे जब मंडप के नीचे जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी, तभी पास में बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता बारातियों को देखकर भौंकने लगा. इससे चिढ़कर दूल्हे की तरफ से एक युवक ने कुत्ते की बेरहमी से पिटाई कर दी. अपने पालतू कुत्ते के साथ हुई इस बदसलूकी को देखकर दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए.
कुर्सियां और लाठी-डंडे चले, कई लोगों के सिर फटे
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं. इस मारपीट में दुल्हन पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर पर गहरी चोटें आईं. शादी के घर में अफरा-तफरी मच गई और बाराती अपनी जान बचाकर भागने लगे. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों पक्षों को थाने ले गई.
दुल्हन ने ठुकराया दूल्हा, थाने में हुआ समझौता
हंगामे और मारपीट से दुल्हन इतनी आहत हुई कि उसने शादी की बाकी रस्में पूरी करने से इनकार कर दिया. उसने कह दिया कि जो लोग उसके पालतू जानवर का सम्मान नहीं कर सकते, उनके साथ वह घर नहीं बसाएगी. पुलिस और कस्बे के लोगों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत हुई. अंत में दुल्हन के फैसले को मानते हुए शादी रद्द कर दी गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिए गए उपहार और गहने वापस किए और बिना दुल्हन के ही बारात को वापस लौटना पड़ा.
ऐसा मिलता जुलता मामला मेरठ से आया था
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में करीब दो साल पहले एक अनोखी घटना घटी थी, जहाँ एक पालतू कुत्ता शादी टूटने की वजह बन गया था. दरअसल, दुल्हन अपने पालतू कुत्ते से बहुत प्यार करती थी और वह चाहती थी कि जयमाला की रस्म के दौरान उसका डॉगी भी स्टेज पर उसके साथ रहे. जैसे ही दुल्हन कुत्ते को लेकर स्टेज पर पहुंची, दूल्हे और उसके परिवार वालों ने इस पर आपत्ति जताई. उन्होंने कुत्ते को स्टेज से नीचे उतरवा दिया, जो दुल्हन को अपनी और अपने पालतू कुत्ते की बेइज्जती लगी.
बात इतनी बढ़ गई कि दुल्हन ने शादी की रस्में बीच में ही रोक दीं. दूल्हा पक्ष का कहना था कि शादी जैसे पवित्र बंधन में जानवर को स्टेज पर लाना परंपराओं के खिलाफ है, जबकि दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही. काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच मान-मनौवल और बहस चलती रही, लेकिन दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह उनके साथ जिंदगी नहीं बिता सकती. नतीजा यह हुआ कि जयमाला की रस्में धरी की धरी रह गईं और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौटना पड़ा.
