Begin typing your search above and press return to search.

फतेहपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 3 लोगो की मौत, 2 घायल...

Fatehpur Road Accident : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार की रात एक सड़क हादसा हो गया. यहाँ दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. ये सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार गए.

फतेहपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 3 लोगो की मौत, 2 घायल...
X

फतेहपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 3 लोगो की मौत, 2 घायल...

By Uma Verma

Fatehpur Road Accident : फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया. एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों की बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई. इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐरायां मसायक गांव के पास हुआ. हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतारा गांव के रहने वाले अरविंद सिंह 28 वर्ष अपने चाचा श्याम सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर कल्लनपुर गांव में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

जैसे ही उनकी बाइक एक नवनिर्मित कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. दूसरी बाइक पर मोहम्मदपुर गौती निवासी मोतीलाल पासवान अपने रिश्तेदारों दुर्गेश 30 वर्ष और कमलेश 50 वर्ष के साथ सवार थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिर पड़े.

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अरविंद, दुर्गेश और कमलेश को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल मोतीलाल और श्याम सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

शिनाख्त में उलझी रही पुलिस

हादसे के बाद मृतकों की पहचान करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. शुरुआत में भ्रम की स्थिति बनी रही कि तीनों मृतक एक ही गांव के हैं, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर पता चला कि मृतक अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे. जैसे ही परिजनों को इस हादसे की खबर मिली, अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया. जिस घर में शादी की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसर गया हैं.

बिना हेलमेट के सफर बना काल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. घटनास्थल पर पुलिस को एक भी हेलमेट नहीं मिला. प्रत्यक्षदर्शियों का तो यहां तक कहना है कि भिड़ंत के बाद जब युवक सड़क पर गिरे, तो संभवतः कोई भारी वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया, जिससे चोटें और ज्यादा जानलेवा हो गईं. डीएसपी खागा दुर्गेशदीप ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी हुआ था दर्दनाक हादसा

उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी ऐसे ही भीषण सड़क हादसा हुआ था. दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई थी. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. कार के दरवाजे काटकर शवों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान लखनऊ के एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में हुई थी, जो दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे. आशंका जताई जा रही थी कि सुबह के वक्त ड्राइवर को झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ.

Uma Verma

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.

Read MoreRead Less

Next Story