UP News: सावधान! होली पर हुड़दंग पड़ेगा भारी, CM योगी ने दिए जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को कड़े निर्देश, कानून तोड़ा तो सीधे जेल!
CM Yogi Holi Guidelines : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली पर हुड़दंगियों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के सख्त निर्देश दिए हैं. अफसरों को दो टूक कहा गया है कि नशे में गाड़ी चलाने वालों और अराजकता फैलाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं : सीएम योगी का सख्त आदेश, सड़क पर नशा कर वाहन चलाया तो होगी जेल...देखें वीडियो
CM Yogi Holi Guidelines : लखनऊ : उत्तर प्रदेश में रंगों के त्योहार होली को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं. जापान और सिंगापुर के सफल दौरे से लौटते ही मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक में उन्होंने साफ कर दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और जनता की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मुख्यमंत्री ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि होली पर हुड़दंग मचाने वालों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाए. इसके लिए पुलिस को ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग करने और चेकिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर भी भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.
परिवहन सेवाओं के लिए नई गाइडलाइंस
आम जनता को घर पहुंचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए सीएम ने परिवहन विभाग को खास टास्क दिया है. 28 फरवरी से 9 मार्च तक बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की कोई भी बस बिना इलेक्ट्रिक टिकट मशीन के नहीं चलेगी.लंबी दूरी की यात्रा करने वाली बसों में दो ड्राइवरों की उपस्थिति अनिवार्य होगी ताकि थकान की वजह से कोई दुर्घटना न हो.अनफिट या खराब बसों को सड़क पर उतारने की सख्त मनाही है. यदि कोई बस रास्ते में खराब होती है, तो यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक बस का इंतजाम करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी.
अधिकारियों की जवाबदेही तय
सीएम योगी ने जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि होली के दौरान कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे आम जनता के फोन उठाएं और उनकी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें. इसके अलावा, त्योहार से पहले सभी सरकारी कर्मचारियों के वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि हर घर में खुशियों के साथ होली मनाई जा सके.
परिवहन विभाग क्षेत्रीय स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाएगा, ताकि लोग सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक हो सकें. मुख्यमंत्री के इन कड़े निर्देशों के बाद पूरे प्रदेश का प्रशासनिक अमला मुस्तैद हो गया है.
क्या होता हैं ब्रेथ एनालाइजर
ब्रेथ एनालाइजर एक छोटा सा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण है, जिसका उपयोग पुलिस यह जांचने के लिए करती है कि किसी चालक ने शराब पी रखी है या नहीं. इसमें व्यक्ति को एक पाइप के जरिए जोर से फूंक मारनी होती है, जिसके बाद यह मशीन तुरंत बता देती है कि संबंधित व्यक्ति के रक्त में अल्कोहल की मात्रा कितनी है. सरल भाषा में कहें तो यह मशीन फूंक के जरिए नशे की पोल खोल देती है, जिससे सड़क पर नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले हुड़दंगियों को आसानी से पकड़ा जा सकता है.
