Begin typing your search above and press return to search.

Purane Moje Ke Naye Istemal: मत फेंकिये पुराने मोजे, जानिये इनके इस्तेमाल के बेहतरीन हैक्स

Purane Moje Ke Naye Istemal: आमतौर पर हम भारतीय चीज़ें आसानी से नहीं फेंकते और किसी न किसी थैली में ठूंस कर रखे रहते हैं कि कभी ना कभी तो काम आ सकते हैं। सही कह रही हूं ना! लेकिन आपको बताऊं कि इन्हीं पुराने मौजों के आप जबरदस्त नए इस्तेमाल भी कर सकती हैं और आपको भरोसा भी नहीं होगा कि ये बेकार पड़े मोजे इतनी उपयोगी थे। चलिए बताते हैं

Purane Moje Ke Naye Istemal: मत फेंकिये पुराने मोजे, जानिये इनके इस्तेमाल के बेहतरीन हैक्स
X
By Divya Singh

Purane Moje Ke Naye Istemal: हर एक फैमिली के पास पुराने मोजे पड़े रहते हैं। किसी की इलास्टिक थोड़ी ढीली हो जाती है तो वो नीचे खिसकने लगते हैं, किसी में छोटा-मोटा छेद हो जाता है, कोई बदरंग हो जाता है तो कभी जोड़ी ही टूट जाती है और एक ही मोजा हाथ में रह जाता है। आमतौर पर हम भारतीय चीज़ें आसानी से नहीं फेंकते और किसी न किसी थैली में ठूंस कर रखे रहते हैं कि कभी ना कभी तो काम आ सकते हैं। सही कह रही हूं ना! लेकिन आपको बताऊं कि इन्हीं पुराने मौजों के आप जबरदस्त नए इस्तेमाल भी कर सकती हैं और आपको भरोसा भी नहीं होगा कि ये बेकार पड़े मोजे इतनी उपयोगी थे। चलिए बताते हैं आपको पुराने मोजों के जबरदस्त नए इस्तेमाल।

1. कांच के नाजुक गिलास संभालें

कांच के खूबसूरत गिलास बहुत नाजुक होते हैं और उनके टूटने का बहुत डर होता है। आप पुराने मोजे का यहां इस्तेमाल कर सकती हैं। पुराने मोज़े के अंदर गिलास को रखें और एक्स्ट्रा हिस्सा गिलास के अंदर ही घुसा दें। ऐसे ही पूरे सेट को अलग-अलग उपलब्ध मौजों में घुसा कर रख दें। अब आप इन्हें स्टोर करें। न तो ये आपस में टकराकर टूटेंगे ना ही यह शहर या कॉलोनी बदलते वक्त सामान इधर से उधर करते वक्त टूटेंगे।

2. ट्रैवलिंग में जूते-चप्पल रखने के लिए

आमतौर पर हम लोग ट्रैवलिंग के दौरान जूते-चप्पल रखने के लिए उन्हें अखबार में लपेट लेते हैं और फिर किसी कैरीबैग में रखते हैं। लेकिन आप अपने जूते-चप्पलों को पुराने मोजों के अंदर भरकर भी रख सकते हैं। इससे न कपड़े गंदे होंगे और जूते भी आराम से सूटकेस के ही अंदर कम जगह में रखे जा सकेंगे।

3. रबर बैंड की तरह करें इस्तेमाल

मोजे काफी स्ट्रेचेबल होते हैं। आप इनकी थोड़ी पतली पट्टियां काट लें। आप इन पट्टियों का इस्तेमाल रबर बैंड की तरह अपने बालों को बांधने, पोनीटेल बनाने तक में कर सकती हैं। यही नहीं कोई पैकेट खोलें और आधा सामान बचा रह जाए तब भी उसे बंद करने के लिए इसे रबर बैंड की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। कभी रबर बैंड खत्म हो जाए तब तो यह हैक जबरदस्त काम का है।

4. चूड़ियों को सेफ करें

चूड़ियों को उतार कर पेपर में लपेटकर रखने के बजाय आप इनको मोजे के अंदर रख सकती हैं। मोजे को ऊपर से काट कर छोटा कर लें और चूड़ी के सेट को इसके अंदर आराम से रख दें। बाकी कपड़ा उसी तरह अंदर कर दें जैसे आप पेपर को करती हैं। चाहे तो ऊपर एक छोटा सा छेद बना दें जिससे आपको दिख जाए कि इस मोजा कवर के अंदर कौन सी चूड़ी का सैट है। अब आपकी चूड़ी साॅफ्ट कवर में एकदम सेफ हैं।

5. पुराने छाते को कवर करें

आजकल सब लोग पर्स में आने लायक छोटे-छोटे छाते रखने लगे हैं। अगर आपके पास भी छाते का कवर गुम गया है तो अपने पुराने छोटे छाते को मोजे के अंदर रखें। छाता अच्छी तरह कवर हो जाएगा और बाकी महीनों में पड़ा-पड़ा गंदा भी नहीं होगा।

6. साफ-सफाई में करें इस्तेमाल

गैस स्टोव, ओवन, माइक्रोवेव, टीवी आदि पोंछने के लिए पुराने मोजे का बेहतरीन इस्तेमाल हो सकता है। ये सॉफ्ट होते हैं इसलिए स्क्रैच भी नहीं छोड़ते और सफाई भी बेहतरीन करते हैं।

7. तेल का छोटा कंटेनर अंदर रखें

बचे हुए तेल को रखने के लिए आमतौर पर महिलाएं छोटे स्टील के डब्बे या प्लास्टिक कंटेनर का इस्तेमाल करती हैं। ये डब्बे बहुत चिकने हो जाते हैं। आप तेल के इन डब्बों को भी पुराने मोजे को थोड़ा काट कर छोटा कर अंदर रख सकती हैं। इससे आपके हाथ पर बार-बार डब्बा खोलते समय चिकनाई नहीं लगेगी।

8. ग्लव्स की तरह इस्तेमाल

आप अपने पुराने मोजे को अपनी जरूरत के हिसाब से थोड़ा काट कर छोटा करें। अब इसके उंगलियों के तरफ के सिरे को हल्का सा काट दें और एड़ी के हिस्से को भी हल्का सा काट दें। एड़ी वाले हिस्से में अंगूठा घुसाएं और बाकी जगह उंगलियां। बन गए न ग्लव्स। ये सर्दियों में घर में हाथों को गर्म रखने का अच्छा उपाय है।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story