Begin typing your search above and press return to search.

फिटनेस टेस्ट में दूसरी बार फेल हुआ यह मिस्ट्री स्पिनर

फिटनेस टेस्ट में दूसरी बार फेल हुआ यह मिस्ट्री स्पिनर
X
By NPG News

नईदिल्ली 10 मार्च 2021. तमिलनाडु की तरफ से खेलने वाला यह 29 वर्षीय खिलाड़ी फिर से फिटनेस टेस्ट में फेल हो गया है, जिसकी वजह से अब वह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएगा।वहीं तमिलनाडु के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज टी नटराजन भी अभी तक पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाए हैं, जिसकी वजह से उनका भी इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों में खेलना मुश्किल है। वरुण बंगलूरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में लगातार फिटनेस टेस्ट में फेल हो रहे हैं जबकि योर्कर किंग नटराजन कंधे में परेशानी से जूझ रहे हैं और अभी तक टीम के साथ नहीं जुड़ पाए हैं।

बीसीसीआई के अधिकारी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘वरुण का चयन इसलिए हुआ था क्योंकि वे ऑस्ट्रेलिया में लगी कंधे की चोट से उबर गए थे। उन्होंने एनसीए में रिहैब में समय बिताया और साधारण तरीके से थ्रो फेंकने लगे। हालांकि वह कम से कम दो बार 2 किमी की दौड़ के लिए निर्धारित योयो टेस्ट मार्क को क्लियर करने में नाकाम रहे हैं।’ अधिकारी ने कहा, ‘अगर कोई खिलाड़ी टीम के मापदंडों पर खरा नहीं उतर रहा है तो उसे सिर्फ गेंदबाजी की वजह से टीम में नहीं चुना जा सकता है।’ फिलहाल इस बात की चर्चा है कि राहुल चाहर को स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है क्योंकि वे टेस्ट सीरीज से ही लगातार बायो बबल में टीम के साथ जुड़े हुए हैं।

नटराजन के मामले में स्वास्थ्य अधिकारी उनकी देख रेख कर रहे हैं और उन्हें जल्दी से ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं हरियाणा के स्टार ऑलराउंडर राहुल तेवतिया अहमदाबाद में भारतीय टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं और अपने दूसरे फिटनेस टेस्ट के रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।

Next Story