
मुंबई 29 जुलाई 2021. नेशनल अवॉर्ड विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर और लेखक त्रिशा दास ने अपने साथ हुए शोषण को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। त्रिशा ने बताया कि वो कई बार यौन शोषण का शिकार हो चुकी हैं। हालांकि न तब इतना सोशल मीडिया का जमाना था और न ही कोई मीटू कैंपेन।
हाल ही में मीडिया से हुई बातचीत में उन्होंने कहा, ‘पहले जब मैं बतौर डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर काम करती थी, तो कई बार यौन शोषण का शिकार हुई। लेकिन यह वर्कप्लेस पर एक काफी आम बात थी और महिलाएं एक-दूसरे को कंफर्ट देने और एक-दूसरे की रक्षा करने के लिए दूसरी महिलाओं की तलाश करती थीं।’
तब सोशल मीडिया नहीं था…
त्रिशा ने आगे कहा, ‘तब कोई सोशल मीडिया नहीं था जहां कोई अपनी कहानी साझा कर सके, इसलिए कोई जवाबदेही भी नहीं थी। इस तरह के उत्पीड़न सहन करने के बाद चुप रहना भी आम बात थी। पुरुषों को नतीजों का कोई डर नहीं था। सोशल मीडिया और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के बारे में लगातार बातचीत और #MeToo आंदोलन ने बदलाव लाया है। यह महिलाओं के लिए सशक्तिकरण दे रहा है, हालांकि मैं उम्मीद करती हूं कि इस आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं हो।’
वहीं त्रिशा ने #MeToo के माध्यम से अपनी बात क्यों नहीं रखी थी… इस सवाल पर त्रिशा ने कहा, ‘वो लोग इतने मशहूर नहीं हैं, मैं उन में से किसी से भी संपर्क में नहीं हूं। मुझे ये भी नहीं पता कि वे अब हैं कहां? उस वक्त सोशल मीडिया या वाट्सएप भी नहीं था, जो मैं उनके संपर्क में रहती।’
