मंत्री के करीबी ठेकेदार पर पुलिस ने कसा शिकंजा, 40 करोड़ की हेराफेरी वाले डामर घोटाले में थमाई नोटिस, फर्म में मंत्री समेत उनके परिवार के कई सदस्य हैं पार्टनर

संदीप कुमार
कोरबा, 7 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित डामर घोटाला कांड में उरगा पुलिस ने फिर से जांच प्रारम्भ कर दिया है। पुलिस ने आज सूबे के कद्दावर मंत्री के करीबी ठेकेदार नरेश वर्मा को नोटिस जारी कर कल 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे थाने तलब किया है।
पुलिस ने करीब 40 करोड़ की हेराफेरी वाले डामर कांड की फाइल फिर खोल दी है। इस फर्म में मंत्री के साथ उनका बेटा समेत कुछ रिश्तेदार पार्टनर हैं। करीब 10-12 वर्षों पूर्व कोरबा में ठेकेदारों ने घटिया सड़क निर्माण कर डामर खरीदी का फर्जी बिल लगाकर शासकीय खजाने को करोड़ों रुपए की चपत लगा दी थी।
नोटिस में भैसमा सड़क निर्माण का हवाला देते हुए लिखा है कि पीडब्लूडी रोड निर्माण कार्य के दौरान बीबीसीएल रायपुर से क्रय बिटुमिन इमलशन का इनवॉइस बिल ख़रीरदार मेसर्स बीबी वर्मा के नाम पर प्रस्तुत किया गया हैं एवं पीडब्ल्यूडी भैसमा अंतर्गत अनुबंध क्रमांक 15 /डीएल/2008-09 ठेका के निर्माण कार्य में बीपीसीएल भिलाई द्वारा आपके फर्म को जारी किया गया बिटुमिन इमलशन का उपयोग किया गया है। यह निर्माण कार्य बीबी वर्मा के फर्म को नही मिला था। इसके बाद भी बिटुमिन इमलशन का उपयोग किया गया है। इस संबंध में विभागीय नियम एवं संबंधित दस्तावेजो के साथ कल थाना आएं।

