शंकराचार्य कॉलेज के डायरेक्टर के घर चोरी…परिवार के साथ गए थे घूमने ,अलमारी तोड़कर 10 लाख के गहने,10 लाख कैश गायब, घर का गार्ड और कुक भी लापता…

रायपुर 30 जून 2021 छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने शंकराचार्य कॉलेज के डायरेक्टर के घर में हाथ साफ कर दिया। अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर 10 लाख रुपए के गहने और 10 लाख नगदी ले गए। वारदात के दौरान डायरेक्टर परिवार के साथ मध्य प्रदेश गए थे। रात को लौटे तो घटना की जानकारी मिली। इस दौरान पूछताछ में पता चला कि घर का गार्ड नर बहादुर थापा और कुक जनक थापा लापता हैं। इसके बाद उन्होंने दोनों पर संदेह जताते हुए मुजगहन थाने में देर रात FIR दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, मुजगहन के प्लेनट सिटी निवासी निशांत त्रिपाठी सेज बहार स्थित शंकराचार्य कॉलेज के डायरेक्टर हैं। वह मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ मध्य प्रदेश के मैहर दर्शन के लिए गए थे। वहां से रात करीब 8.30 बजे लौटे। अपने बेडरूम में गए तो देखा कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ है। उसमें रखे 10 लाख रुपए और सोने के 2 कंगन सेट, गले के 3 हार सेट, 10 साल पुराने पूजा के सोने के सिक्के, चांदी के गहने, चांदी की थाली गायब थी।
अस्पताल जाना बताकर दोपहर में निकले थे कुक और गार्ड
इसके बाद उन्होंने घर में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों को बुलाया तो पता चला कि कुक जनक थापा और गार्ड नर बहादुर थापा दोनों नहीं थे। उन्होंने दोनों के नंबरों पर कॉल लगाया, लेकिन उनके मोबाइल स्विच ऑफ थे। इस उन्होंने कर्मचारियों से उनके बारे में पूछताछ की तो पता चला कि दोनों दोपहर करीब 2.30 बजे अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद से नहीं लौटे हैं। इसके बाद दोनों संदेह जताते हुए उन्होंने मामला दर्ज कराया है।