ट्रांसपोर्टर और सीमेंट निर्माताओं के बीच प्रशासन की मध्यस्थता के बावजूद गतिरोध जारी.. सीमेंट परिवहन फ़िलहाल ठप

रायपुर,17 मार्च 2021। प्रदेश में सीमेंट को लेकर दरों में तेज़ी और उपलब्धतता में कमी बने रहने के आसार हैं। ट्रांसपोर्टरों और सीमेंट निर्माताओं और सीमेंट एजेंसियों के बीच गतिरोध समाप्त नहीं हो पाया है।
दरअसल ट्रांसपोर्टर डीज़ल पेट्रोल के दामों में हुईं अभूतपूर्व वृद्धि की वजह से परिवहन की दरों को संशोधित करना चाह रहे हैं। सीमेंट परिवहन के भाड़ा दर में यह संशोधन ट्रांसपोर्टरों ने चालीस फ़ीसदी वृद्धि के साथ माँगा जिसे देने को सीमेंट निर्माता और सीमेंट एजेंसियों ने असहमति जता दी थी।
गतिरोध को देखते हुए ज़िला प्रशासन की मध्यस्थता में ट्रांसपोर्टरों, सीमेंट निर्माताओं और सीमेंट एजेंसियों की बैठक बुलाई गई।उस बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने भाड़ा वृद्धि दर चालीस फ़ीसदी को घटाकर पच्चीस फ़ीसदी करने की बात कही लेकिन सीमेंट निर्माताओं और सीमेंट एजेंसियों ने इसे पाँच प्रतिशत बढ़ाए जाने को सहमति दी, नतीजतन गतिरोध जारी रहा और बैठक बग़ैर किसी समाधान के समाप्त हो गई।
प्रदेश में इसी वजह से सीमेंट का परिवहन बंद है और मार्केट में सीमेंट की मौजुदगी कम से कमतर होती जा रही है वहीं क़ीमतों में उछाल आ गया है।
