Begin typing your search above and press return to search.

राजभवन से मतभेदों के बीच राज्यपाल से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री….. महामहिम ने दिया शॉल तो सीएम ने भी भेंट की साड़ी….इन मुद्दों पर चर्चा हुई

राजभवन से मतभेदों के बीच राज्यपाल से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री….. महामहिम ने दिया शॉल तो सीएम ने भी भेंट की साड़ी….इन मुद्दों पर चर्चा हुई
X
By NPG News

रायपुर 13 जुलाई 2021। राजभवन से लगातार चल रही मतभेदों की खबरों के बीच आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्यपाल अनुसूईया उईके से मिलने पहुंचे। मौजूदा राज्यपाल के कार्यकाल में ये पहला मौका था, जब इस तरह से मुख्यमंत्री अनौपचारिक रूप से बातचीत के लिए पहुंचे थे। शाम साढ़े 5 बजे हुई इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शाल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान दिया तो मुख्यमंत्री ने भी राज्यपाल को साड़ी भेंट की। खास बात यह रही कि राज्यपाल ने कोरोना से बचाव कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की।

करीब आधे घंटे से ज्यादा चली चर्चा के दौरान राज्यपाल ने कोरोना से बचाव के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री बघेल ने इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से अनुसूचित क्षेत्रों में नगर पंचायत की स्थापना के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना एवं चन्दूलाल चन्द्राकर चिकित्सा महाविद्यालय के संबंध में भी चर्चा की।

साथ ही उच्च शिक्षा विभाग की समन्वय समिति और आदिवासी मंत्रणा परिषद् की बैठक जल्द बुलाने को कहा। उइके ने कहा कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर विभिन्न शासकीय विभागों तथा विश्वविद्यालय स्तर पर नौकरी कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रकरणों का न्यायालय में जल्द सुनवाई कराएं और दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही करें। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू एवं राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो भी उपस्थित थे।

Next Story