गृहमंत्री के सामने मुख्यमंत्री ने रखी मांगों और सुझाव की लंबी फेहरिस्त….इंटर विलेज कनेक्टविटी और इंटरनेशनल एयरपोर्ट व बिलासपुर हवाई सेवा पर भरी हामी…. NIA के केस डायरी नहीं सौंपे जाने पर चुप्पी साध गये शाह

रायपुर 28 जनवरी 2020। गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सेंट्रल जोन काउंसिल की बैठक तीन घंटे चली। मेजबान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावे कुछ राज्यों के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे।
इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर केंद्र सरकार ने सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि गृहमंत्री ने कुछ मांगों पर सैद्धान्तिक सहमति दी है। मुख्यमंत्री ने नक्सल इलाकों में PMGSY की सड़कों के जरिये गांवों की कनेक्टविटी बढ़ाने की मांग की, जिस पर गृहमंत्री ने अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी। वहीं रायपुर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा देने, बिलासपुर में हवाई सेवा शुरू करने और रायपुर में कार्गो प्लेन के उतरने की इजाजत देने की मांग भी रखी गयी, जिस पर गृहमंत्री ने कहा कि इस मामले को जल्द ही संबंधित विभाग को सौंपा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सेंट्रल जोन काउंसिंल के मेंबरों को लेकर एक सुझाव केंद्र के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि काउंसिल में चार राज्यों में से उत्तराखंड के साथ छत्तीसगढ़ का कोई संबंध नहीं है, ऐसे में काउंसिंल में उनके रहने का कोई औचित्य नहीं है। मुख्यमंत्री ने मांग की है कि प्रदेश की सीमा से लगने वाले 7 राज्यों की काउंसिल में ही छत्तीसगढ़ को रखा जाये, ताकि नक्सलवाद व अन्य सीमा संबंधी मसलों पर चर्चा हो सके।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान उन 600 गांवों के 1 लाख से ज्यादा बस्तर के ग्रामीणों का भी मुद्दा उठाया, जो नक्सल भय की वजह से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बस गये हैं और वहां उनका जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है। वहीं किसान सम्मान निधि का दायरा बढ़ाने की डिमांड भी मुख्यमंत्री ने काउंसिंल की बैठक में की।
एथनॉल बनाने के संयंत्र स्थापित करने की बात भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रखी, उन्होंने कहा कि केंद्र एथनॉल की दर तय करे। वहीं मुख्यमंत्री झीरम कांड की केस डायरी NIA की तरफ से स्टेट को नहीं सौंपे जाने का मुद्दा उठाया, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह ने चुप्पी साध ली।
