
भोपाल 12 मार्च 2021. मध्य प्रदेश के जबलपुर से दिल दहला देने वाला खौफनाक मामला सामने आया है. जिले के रमनगरा इलाके में बहन के लव मैरिज से नाराज उसके भाई ने अपने जीजा विजेत कश्यप की हत्या कर दी. धीरज की बहन ने तीन महीने विजेत कश्यप से शादी की थी. आरोपी धीरज ने गुरुवार की सुबह इस जघन्य घटना को अंजाम दिया है. उसने निर्मम तरीके से अपने जीजा विजेत कश्यप के सिर को कुल्हाड़ी से मारकर धड़ से अलग कर दिया. खुद के भाई द्वारा पति की हत्या की खबर सुनकर बहन ने भी फांसी लगाकर जान दे दी.
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर के रमनगरा निवासी धीरज शुक्ला ने सबसे पहले अपने जीजा विजेत कश्यप की कुल्हाड़ी से मारकर सिर को धड़ से अलग कर दिया. इसके बाद वह इतने में ही नहीं माना और उसने उसी कुल्हाड़ी से शव का पंजा भी काट दिया. इतना ही नहीं, वह सिर और पंजे को बोरी में भरकर रमनगरा से करीब सात किलोमीटर दूर तिलवारा थाने जा पहुंचा. वहीं, अपने ही सगे भाई द्वारा पति की बेरहमी से हत्या की बात का पता चलते ही धीरज शुक्ला की बहन ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.
जानकारी के अनुसार, धीरज द्वारा विजेत की हत्या की सूचना मिलने के बाद उसे परिजन मौके पर पहुंच गए. घटना स्थल पर विजेत का कटा सिर देखकर उसकी पत्नी बेहोश हो गई. इसके बाद परिजन उसे घर ले गए. कुछ देर बाद विजेत के परिवार के लोग जब घर पहुंचे, तो पूजा को भी फांसी से झूलता हुआ पाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जांच शुरू कर दी है.
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोपी धीरज शुक्ला शंकरघाट का रहने वाला है. तिलवारा थाने में धीरज को मृतक के एक कटे हुए हाथ, सिर और कुल्हाड़ी के साथ देखकर पुलिस दंग रह गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दर्ज कर लिया है.
