इस राज्य में रद्द नहीं होंगे 10वीं- 12वीं के बोर्ड एग्जाम….24 अप्रैल से शुरू होगी बोर्ड परीक्षा, एग्जाम कैंसिल को लेकर सीएम ने कही ये बात..

नई दिल्ली 15 अप्रैल 2021। देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच कई राज्यों ने बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. वहीं, गोवा में 24 अप्रैल से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी. राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि कोविड-19 के मामले बढ़ने के मद्देनजर राज्य सरकार ने 10वीं- 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने पर अभी विचार नहीं किया है.
सावंत ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “फिलहाल, हमने किसी बोर्ड परीक्षा को रद्द करने पर विचार नहीं किया है. हम सुनिश्चित करेंगे कि विद्यार्थियों के परीक्षा में शामिल होने के दौरान कोविड-19 के बचाव संबंधी सभी उपाय किए जाएं.” उन्होंने कहा कि राज्य में एक बार फिर कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद गोवा शिक्षा विभाग पहले ही अन्य कक्षाओं की परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की अनुमति दे चुका है.
सावंत ने कहा कि पिछले साल वैश्विक महामारी के बीच कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाते हुए राज्य में बोर्ड परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी. उन्होंने बताया कि शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए पिछले साल एक परीक्षा हॉल में केवल 11 विद्यार्थियों को बैठने दिया गया था.
CBSE ने बुधवार को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को टाल दिया. मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र ने भी कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बाद इन कक्षाओं के लिए अपनी राज्य बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. वहीं पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश राज्य ने कहा है कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में अभी निर्णय नहीं लिया है.
