
नईदिल्ली 13 जुलाई 2021. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में पाक सेना के कैप्टन अब्दुल बासित समेत 12 जवान शहीद हो गये. बताया जा रहा है कि दर्जन भर से ज्यादा पाकिस्तानी सेना के जवान घायल हो गये हैं. हमले में तहरीक-ए-तालिबान का हाथ बताया जा रहा है. बताया ये भी जा रहा है कि आतंकियों ने कुछ जवानों को बंधक भी बना लिया है. इस हमले के पीछे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को जिम्मेदार माना जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) की ओर से खुर्रम इलाके में TTP के आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इस दौरान TTP के आतंकियों ने हमला कर दिया. इस मिशन को कैप्टन अब्दुल बासित खान (Capt Abdul Basit Khan) लीड कर रहे थे. पाकिस्तानी सेना पर ये हमला हंगू में हुआ है. बताया जा रहा है कि आतंकियों ने 6 टेलीकॉम ऑपरेटर्स को बंधक बना लिया है. इन्हें हाफिज दौलत खान ने बंधक बनाया है.
वहीं इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) का हवाला देते हुए, पाकिस्तानी समाचार चैनल जियो टीवी ने बताया कि भारी गोलीबारी में तीन आतंकवादी मारे गए और अभी सेना द्वारा खोज अभियान जारी है। बता दें कि ISPR पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग है।
आईएसपीआर ने अपने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यह अभियान चलाया गया। बता दें कि पाकिस्तान में टीटीपी काफी समय से आतंकी हमलों को अंजाम देता आ रहा है। टीटीपी वही संगठन है जिसके आतंकियों ने पाकिस्तान के पेशावर में 16 दिसबंर 2014 को आर्मी स्कूल पर भी हमला किया था। इस हमले में तकरीबन 200 मासूम बच्चों की जान चली गई थी।
