Stuffcool Zeno 65: भारत में लॉन्च हुआ इनबिल्ट केबल वाला 65W GaN चार्जर, जानें फीचर्स और कीमत
Stuffcool Zeno 65W GaN Charger News: Stuffcool ने भारत में Zeno 65 लॉन्च किया है, जो 65W GaN चार्जर है और इसमें इनबिल्ट USB-C केबल दी गई है। यह चार्जर स्मार्टफोन और लैपटॉप दोनों को सुरक्षित और तेज़ी से चार्ज करता है।

Image Source: stuffcool.com
Stuffcool Zeno 65W GaN Charger: भारतीय टेक एक्सेसरीज कंपनी Stuffcool ने अपना नया 65W GaN वॉल चार्जर Zeno 65 पेश किया है। यह चार्जर उन यूजर्स के लिए बनाया गया है, जो रोज़ के इस्तेमाल या ट्रेवल के दौरान अलग से चार्जिंग केबल साथ रखने की परेशानी से बचना चाहते हैं। कंपनी के मुताबिक, यह चार्जर भारत में तैयार किया गया है और मौजूदा स्मार्टफोन व लैपटॉप चार्जिंग जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
Zeno 65 का आकार छोटा रखा गया है ताकि इसे आसानी से बैग या पॉकेट में रखा जा सके। इसका वजन भी हल्का है, जिससे इसे ट्रैवल के दौरान ले जाना ज्यादा आसान हो जाता है।
इनबिल्ट रिट्रैक्टेबल केबल की सुविधा
इस चार्जर की सबसे खास बात इसमें दी गई इनबिल्ट रिट्रैक्टेबल USB Type-C केबल है। आमतौर पर यूजर्स को चार्जर के साथ अलग से केबल ले जानी पड़ती है, जो कई बार भूल भी जाती है या बैग में उलझ जाती है। Zeno 65 में 68 सेंटीमीटर लंबी टाइप-सी केबल चार्जर की बॉडी में ही लगी हुई है।
चार्जिंग के समय केबल को बाहर खींचकर इस्तेमाल किया जा सकता है और काम खत्म होने के बाद यह वापस चार्जर के अंदर चली जाती है। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि केबल को जरूरत से ज्यादा जोर से खींचने पर अगर कोई नुकसान होता है, तो उसे रिप्लेसमेंट वारंटी में शामिल नहीं किया जाएगा।
GaN टेक्नोलॉजी पर आधारित चार्जर
Stuffcool Zeno 65 में GaN यानी गैलियम नाइट्राइड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक की वजह से यह चार्जर इस्तेमाल के दौरान ज्यादा गर्म नहीं होता। साथ ही यह चार्जर अधिकतम 65W तक का आउटपुट देता है, USB Power Delivery (PD) और PPS चार्जिंग स्टैंडर्ड को सपोर्ट करता है।
कंपनी के अनुसार, यह चार्जर iPhone और Google Pixel जैसे स्मार्टफोन्स को लगभग 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज कर सकता है। इसके अलावा, यह सैमसंग के Super Fast Charging 2.0 को भी सपोर्ट करता है, जिससे कुछ गैलेक्सी स्मार्टफोन्स पर फास्ट चार्जिंग मिलती है।
एक साथ दो डिवाइस चार्ज करने की सुविधा
Zeno 65 को सिर्फ स्मार्टफोन के लिए नहीं, बल्कि लैपटॉप के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह MacBook Air और USB-C चार्जिंग सपोर्ट वाले कई विंडोज लैपटॉप्स के साथ काम करता है। इसमें ड्यूल आउटपुट दिया गया है।
अगर इनबिल्ट केबल और अतिरिक्त USB-C पोर्ट दोनों का एक साथ इस्तेमाल किया जाए, तो चार्जर अपने आप पावर को 45W और 20W में डिवाइड कर देता है। इससे लैपटॉप और फोन दोनों एक साथ सुरक्षित तरीके से चार्ज हो सकते हैं।
BIS सर्टिफाइड, कीमत और उपलब्धता
Stuffcool Zeno 65W GaN वॉल चार्जर BIS सर्टिफाइड है और इसे भारत में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रिक सिस्टम के अनुसार बनाया गया है। यह चार्जर 100 से 240V इनपुट रेंज को सपोर्ट करता है। कंपनी ने इसकी कीमत 2,999 रुपये रखी है।
Zeno 65W GaN चार्जर Stuffcool की आधिकारिक वेबसाइट stuffcool.com और Amazon इंडिया पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। फीचर्स और उपयोग को देखते हुए यह चार्जर उन यूजर्स के लिए एक विकल्प हो सकता है, जो एक ही चार्जर से कई डिवाइस चार्ज करना चाहते हैं और अलग से केबल रखने से बचना चाहते हैं।
