Samsung का बड़ा तोहफा! One UI 8 स्टेबल अपडेट हुआ जारी, AI फीचर्स से बदलेगा आपका फोन
Samsung One UI 8 Stable Update Rollout: सैमसंग ने One UI 8 स्टेबल अपडेट रोलआउट किया है, जो एंड्रॉइड 16 पर आधारित है। इसमें नए AI फीचर्स, बेहतर इंटरफ़ेस और मज़बूत सुरक्षा मिलेगी। Galaxy S25 सीरीज़ से शुरुआत हुई है और जल्द ही यह अपडेट अन्य Galaxy डिवाइस तक पहुंचेगा।

Samsung One UI 8 Stable Update Rollout News Hindi: सैमसंग ने अपने गैलेक्सी यूज़र्स का इंतज़ार खत्म करते हुए अपने सबसे बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट One UI 8 को रोलआउट करना शुरू कर दिया है। यह नया अपडेट एंड्रॉइड 16 पर आधारित है और इसमें कई शानदार AI फीचर्स, बेहतर यूज़र इंटरफ़ेस और मज़बूत सिक्योरिटी फीचर्स दिए गए हैं।
कंपनी ने सबसे पहले इस अपडेट को अपनी आने वाली Galaxy S25 सीरीज़ के लिए जारी किया है, और जल्द ही इसे अन्य योग्य डिवाइस तक भी पहुंचाया जाएगा। आइए जानते हैं इस अपडेट में क्या कुछ खास है।
One UI 8 में क्या हैं नए स्मार्ट फीचर्स?
One UI 8 का मुख्य उद्देश्य आपके स्मार्टफोन को और भी ज़्यादा स्मार्ट और प्रोएक्टिव बनाना है। यह अपडेट आपके इस्तेमाल के पैटर्न को समझकर आपको ज़रूरी सुझाव देता है। इसमें ‘Now Brief’ नाम का एक खास फीचर दिया गया है, जो आपको ट्रैफिक, रिमाइंडर और आपकी गैलेक्सी वॉच से मिली हेल्थ की जानकारी जैसी हर रोज की अपडेट्स एक ही जगह पर दिखाता है।
इसके अलावा, बड़ी स्क्रीन वाले डिवाइस जैसे टैबलेट्स और फोल्डेबल फोन के लिए Multi Window फीचर को बेहतर बनाया गया है, जिससे आप AI द्वारा बनाए गए कंटेंट को आसानी से ड्रैग एंड ड्रॉप कर सकते हैं।
AI ने बनाया फोन को पहले से ज़्यादा इंटेलिजेंट
सैमसंग ने One UI 8 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर सबसे ज़्यादा ध्यान दिया है। इसमें Gemini Live फीचर शामिल है, जो आपको AI से रियल-टाइम में बात करने की सुविधा देता है और यह आपकी स्क्रीन पर चल रहे कंटेंट को भी समझ सकता है। इसका मतलब है कि अब आपको ऐप्स बदलने की ज़रूरत नहीं होगी।
इसके साथ ही, Google के 'Circle to Search' फीचर को अब और बेहतर बना दिया गया है। आप किसी भी आर्टिकल या सोशल मीडिया पोस्ट पर मौजूद टेक्स्ट का तुरंत अपनी भाषा में अनुवाद कर सकेंगे।
सुरक्षा हुई पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत
सैमसंग ने नए अपडेट में आपकी प्राइवेसी और डेटा की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। इसमें नॉक्स एनहांस्ड एन्क्रिप्टेड प्रोटेक्शन (KEEP) नाम का नया सिक्योरिटी आर्किटेक्चर शामिल किया गया है। यह फीचर आपके ऐप्स के सेंसिटिव डेटा के लिए एक तरह का डिजिटल लॉकर बनाता है, जिससे AI द्वारा प्रोसेस की गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है।
इसके अलावा, Knox Matrix फीचर किसी भी गंभीर सुरक्षा खतरे का पता चलते ही आपके सैमसंग अकाउंट को डिवाइस से अपने आप लॉग आउट कर देता है, ताकि आपका डेटा सुरक्षित रहे।
इन Samsung Galaxy फोन्स को मिलेगा One UI 8 अपडेट
सैमसंग इस साल और अगले साल की शुरुआत में कई डिवाइस के लिए यह अपडेट जारी करेगा। इस लिस्ट में फ्लैगशिप से लेकर मिड-रेंज फोन तक शामिल हैं। सबसे पहले यह अपडेट Galaxy S25 और S24 सीरीज़ को मिलेगा। इसके बाद Galaxy Z Fold 6, Z Flip 6, Galaxy Z Fold 5, और Z Flip 5 की बारी आएगी।
कंपनी अपने पुराने फ्लैगशिप जैसे Galaxy S23, S22 सीरीज़ और S23 FE को भी अपडेट देगी। टैबलेट्स में Galaxy Tab S10 और Tab S9 सीरीज़ को यह अपडेट मिलेगा। इसके अलावा, लोकप्रिय A-सीरीज़ के कई मॉडल्स जैसे Galaxy A56, A36, A55, A35, A54 और A34 समेत अन्य मॉडल्स को भी यह नया अपडेट प्राप्त होगा।
