OpenAI ला रही है ChatGPT वाला स्मार्ट स्पीकर, जो आपकी आदतें देखकर देगा पर्सनल सलाह!
OpenAI ChatGPT Smart Speaker: OpenAI अपना पहला स्मार्ट स्पीकर लॉन्च कर रही है, जिसमें ChatGPT AI और कैमरा लगेगा। यह आपके व्यवहार और आदतों को समझकर पर्सनल सलाह देगा। फेस रिकग्निशन और ऑब्जर्वेशन फीचर्स के साथ यह स्पीकर स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी को नया रूप देगा।

AI-Generated Representational Image
OpenAI ChatGPT Smart Speaker: OpenAI अब सिर्फ सॉफ्टवेयर बनाने तक नहीं रुकना चाहती है। कंपनी अपना पहला हार्डवेयर प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है और रिपोर्ट्स की मानें तो यह एक स्मार्ट स्पीकर होगा जिसमें ChatGPT AI का यूज़ होगा। यह कोई आम स्पीकर नहीं होगा। इसमें कैमरा लगा होगा जो यूजर को देख सकेगा, उसकी आदतें समझ सकेगा और जरूरत पड़ने पर सलाह भी दे सकेगा। कंपनी इसके जरिए AI को लोगों की रोज़ की जिंदगी में सीधे लाना चाहती है।
कैमरे वाला स्पीकर जो आसपास का माहौल भी पढ़ेगा
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक इस स्मार्ट स्पीकर में कैमरा दिया जाएगा। यह कैमरा अपने आसपास रखे सामान को पहचान पाएगा, कमरे में क्या हो रहा है यह समझ पाएगा और लोगों की बातचीत को भी सुनकर प्रोसेस कर पाएगा। इसकी कीमत 200 से 300 डॉलर यानी करीब 18 हजार से 27 हजार रुपये के बीच रखी जा सकती है।
यूजर के व्यवहार को देखकर खुद देगा सुझाव
सबसे अलग बात यह है कि यह डिवाइस सिर्फ "ओके गूगल" या "एलेक्सा" टाइप कमांड पर नहीं चलेगा। यह यूजर के बिहेवियर को ऑब्जर्व करेगा और खुद से सजेशन देगा। जैसे मान लीजिए कोई इंसान रात के दो बज रहे हैं और अभी तक जाग रहा है, और अगले दिन सुबह उसकी कोई मीटिंग है, तो स्पीकर उसे बोलेगा कि भाई अब सो जाओ। यह फीचर इसे बाकी स्मार्ट स्पीकर्स से काफी अलग बनाता है।
फेस रिकग्निशन की भी तैयारी
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इस डिवाइस में फेस आईडी जैसी टेक्नोलॉजी आ सकती है। इसका मतलब यह है कि स्पीकर यह पहचान लेगा कि उसके सामने कौन खड़ा है। अभी यह क्लियर नहीं है कि इस फीचर का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग में होगा या फिर सिर्फ सिक्योरिटी और लॉग-इन के लिए रखा जाएगा। लेकिन यह फीचर प्राइवेसी को लेकर बहस जरूर खड़ी कर सकता है।
बता दें कि इस प्रोजेक्ट से Jony Ive का नाम भी जुड़ा हुआ है। पहले खबर आई थी कि Ive OpenAI के साथ मिलकर एक स्पेशल AI डिवाइस डिजाइन कर रहे हैं। अब लग रहा है कि वो डिवाइस यही स्मार्ट स्पीकर हो सकता है।
लॉन्च में लग सकता है समय
जो लोग इसे जल्दी खरीदने का सोच रहे हैं उन्हें थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। रिपोर्ट्स कह रही हैं कि 2027 से पहले यह स्पीकर मार्केट में आने की उम्मीद कम है। कंपनी अभी हार्डवेयर और AI फीचर्स दोनों पर काम कर रही है और जब तक सब कुछ पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता तब तक लॉन्च नहीं किया जाएगा। जब यह आएगा तो इसका सीधा मुकाबला Amazon Echo, Google Home और Apple HomePod से होगा जो पहले से इस कैटेगरी में जमे हुए हैं।
AI स्मार्ट ग्लास पर भी काम जारी
स्पीकर के अलावा OpenAI एक और प्रोडक्ट पर काम कर रही है और वो है AI वाला स्मार्ट ग्लास। हालांकि यह प्रोडक्ट अभी बहुत शुरुआती स्टेज में है। रिपोर्ट बता रही हैं कि इसका मास प्रोडक्शन 2028 से पहले शुरू होना मुश्किल है।
कुल मिलाकर OpenAI का प्लान साफ है। कंपनी AI को सिर्फ फोन और लैपटॉप की स्क्रीन तक सीमित नहीं रखना चाहती बल्कि उसे घर के अंदर तक लाना चाहती है। अगर यह स्मार्ट स्पीकर वाकई में वो सब कर पाया जो दावा किया जा रहा है तो स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी की पूरी तस्वीर बदल सकती है।
