Honor Choice MouseBuds Pro: स्मार्टफोन और PC दोनों से एक साथ कनेक्ट होगा ये अनोखा माउस, अंदर छिपे हैं स्मार्ट ईयरबड्स

Honor Choice MouseBuds Pro
X

Image Source: honor.com/uk

Honor Choice MouseBuds Pro: Honor ने ग्लोबल मार्केट में अपना अनोखा 'Honor Choice MouseBuds Pro' लॉन्च कर दिया है। यह एक टू-इन-वन गैजेट है, जिसमें माउस के अंदर ही वायरलेस ईयरबड्स मिलते हैं। इसमें बेहतरीन कनेक्टिविटी, एक्टिव नॉइज़ कैंसलेशन और दमदार बैटरी लाइफ मिलती है।

Honor Choice MouseBuds Pro: टेक जगत में आए दिन नए एक्सपेरिमेंट होते रहते हैं, लेकिन Honor ने इस बार कुछ ऐसा पेश किया है जिसकी कल्पना कम ही लोगों ने की थी। कंपनी ने अपना नया Honor Choice MouseBuds Pro आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह सिर्फ एक साधारण माउस नहीं है, बल्कि एक ऐसा डिवाइस है जिसमें माउस और ईयरबड्स दोनों एक साथ मिलते हैं।

इस डिवाइस की सबसे अलग बात इसका अनोखा डिजाइन है। इस माउस के पिछले हिस्से को जैसे ही आप खोलते हैं, उसके अंदर से वायरलेस ईयरबड्स निकलते हैं। इसका मतलब है कि अब आपको ईयरबड्स के लिए अलग से कोई केस साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि आपका माउस ही उनका चार्जिंग केस बन चुका है।

कनेक्टिविटी में नहीं होगी कोई परेशानी

Honor ने इस नए गैजेट में कनेक्टिविटी को बहुत ही आसान और स्मार्ट बनाया है। जैसे ही आप माउस के वायरलेस रिसीवर को अपने कंप्यूटर में लगाते हैं, माउस के साथ-साथ उसके अंदर रखे ईयरबड्स भी अपने आप कनेक्ट हो जाते हैं। इसमें आपको बार-बार पेयरिंग करने की परेशानी नहीं होगी। यह डिवाइस दो अलग-अलग मोड्स पर काम करता है। कंप्यूटर मोड में माउस और ईयरबड्स दोनों ही रिसीवर की मदद से एक मजबूत कनेक्शन देते हैं।

वहीं, स्मार्टफोन मोड में ईयरबड्स सीधे ब्लूटूथ के जरिए फोन से जुड़ जाते हैं। इस माउस पर दिए गए एक बटन से आप इन दोनों मोड्स के बीच कभी भी स्विच कर सकते हैं, जिससे ऑफिस का काम करना और कॉलिंग अटेंड करना काफी आसान हो जाता है।

माउस की परफॉर्मेंस और बनावट

अगर माउस की बात करें तो इसमें PixArt ऑप्टिकल सेंसर का इस्तेमाल किया गया है जो 1200 DPI की स्पीड देता है। यह स्पीड रोजाना के ऑफिस वर्क और इंटरनेट चलाने के लिए एकदम सही है। इसमें खास TTC क्वाइट स्विचेस लगाए गए हैं जो क्लिक करते समय बिल्कुल भी आवाज नहीं करते। इसकी वजह से आप शांत जगह पर बैठकर भी दूसरों को परेशान किए बिना अपना काम कर सकते हैं।

Honor कंपनी का कहना है कि इसके बटन 50 लाख क्लिक्स तक का साथ दे सकते हैं। इसकी बॉडी पर एक खास कोटिंग भी की गई है जिससे इस पर उंगलियों के निशान नहीं पड़ते और यह लंबे समय तक नया जैसा दिखता है। इसका डिजाइन ऐसा है कि इसे लंबे समय तक पकड़ने पर भी हाथ में थकान नहीं होती।

ईयरबड्स के फीचर्स, बैटरी लाइफ और वजन

माउस के अंदर मिलने वाले ईयरबड्स भी फीचर्स के मामले में किसी महंगे ईयरबड्स से कम नहीं हैं। इसमें अडैप्टिव एक्टिव नॉइज़ कैंसलेशन (ANC) दिया गया है, जो बाहर के शोर को कम कर देता है ताकि आप गाने या कॉलिंग का बेहतर मजा ले सकें। बात करने के लिए इसमें डुअल माइक्रोफोन्स दिए गए हैं जो AI की मदद से आपकी आवाज को एकदम क्लियर रखते हैं।

जानकारी के अनुसार, इसमें बेहतरीन बेस के लिए खास ड्राइवर्स लगाए गए हैं। इसकी बैटरी भी काफी दमदार है, इसमें 1000 mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। अगर आप इसे सामान्य तरीके से इस्तेमाल करते हैं, तो यह एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 30 दिनों तक चल सकता है। इसे चार्ज करने के लिए USB-C केबल का इस्तेमाल होता है।

यह माउस विंडोज और मैक दोनों तरह के कंप्यूटर के साथ आराम से काम करता है। माउस और ईयरबड्स दोनों को मिलाकर इसका कुल वजन सिर्फ 88 ग्राम है, जिसे आप आसानी से अपनी जेब या बैग में कहीं भी ले जा सकते हैं।

कीमत और उपलब्धता

Honor ने इस शानदार गैजेट को फिलहाल ग्लोबल मार्केट में उतारा है। यूके (UK) में Honor Choice MouseBuds Pro की कीमत 79.99 पाउंड (करीब ₹10,030) रखी गई है, जबकि जर्मनी में इसे 99.90 यूरो (करीब ₹10,913 ) की कीमत पर लॉन्च किया गया है।

भारत में यह कब तक लॉन्च होगा, इसे लेकर कंपनी ने अभी कोई पक्की जानकारी नहीं दी है, लेकिन ऐसी संभावना है कि जल्द ही इसे भारतीय बाजार में भी देखा जा सकता है।

Tags

Next Story