एलन मस्क का नया मैसेजिंग ऐप XChat 17 अप्रैल को होगा लॉन्च, जानें इसकी खूबियां

Image Source: X.com/@chat
XChat App Launch Date: एलन मस्क की कंपनी X (ट्विटर) अब चैटिंग के लिए एक नया ऐप लेकर आ रही है। इस ऐप का नाम XChat रखा गया है। ऐप स्टोर (App Store) पर आई जानकारी के मुताबिक, यह ऐप 17 अप्रैल 2026 को डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो सकता है।
दरअसल, काफी समय से चर्चा थी कि मस्क X के पुराने मैसेजिंग सिस्टम को बदलेंगे। पहले इसे सिर्फ एक अपडेट माना जा रहा था, लेकिन अब कंपनी इसे एक अलग ऐप के तौर पर पेश कर रही है।
प्राइवेसी और सुरक्षा पर फोकस
XChat ऐप की सबसे बड़ी खूबी इसका सुरक्षित होना है। यह ऐप 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन' के साथ आएगा। इसका मतलब है कि आपके मैसेज भेजने वाले और पढ़ने वाले के अलावा कोई तीसरा नहीं देख पाएगा।
इसके जरिए यूजर्स एक-दूसरे को कॉल भी कर सकेंगे। ऐप में मैसेज एडिट करने और भेजने के बाद उन्हें डिलीट करने की सुविधा भी मिलेगी। सुरक्षा को देखते हुए इसमें स्क्रीनशॉट ब्लॉक करने का फीचर भी जोड़ा गया है।
मैसेज गायब करने का खास फीचर
अगर आप किसी को कोई प्राइवेट जानकारी भेजते हैं, तो इसमें 'डिसेपियरिंग मैसेज' का विकल्प मिलेगा। इसे ऑन करने पर आपके मैसेज महज 5 मिनट के अंदर अपने आप गायब हो जाएंगे। प्राइवेसी के लिहाज से यह एक जरूरी कदम माना जा रहा है।
ग्रुप चैटिंग पसंद करने वालों के लिए भी इसमें काफी जगह है। ऐप स्टोर के मुताबिक, एक ग्रुप में करीब 481 लोगों को जोड़ा जा सकेगा। यह संख्या आम मैसेजिंग ऐप्स के मुकाबले काफी अलग और सटीक रखी गई है।
बिना विज्ञापन और ट्रैकिंग का दावा
कंपनी का कहना है कि XChat पर यूजर्स को कोई विज्ञापन (Ads) नहीं दिखाए जाएंगे। साथ ही यह ऐप यूजर्स के डेटा को ट्रैक भी नहीं करेगा। यह बात उन लोगों के लिए राहत भरी हो सकती है जो अपनी प्राइवेसी को लेकर फिक्रमंद रहते हैं।
फिलहाल आईफोन और आईपैड यूजर्स के लिए App Store पर 'प्री-ऑर्डर' शुरू हो गए हैं। इसका फायदा यह है कि लॉन्च होते ही ऐप आपके फोन में अपने आप डाउनलोड हो जाएगा। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद यह यूजर्स की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है। कंपनी ने अभी तक एंड्रॉइड वर्जन को लेकर कोई आधिकारिक तारीख शेयर नहीं की है।
-
Home
-
Menu

