Begin typing your search above and press return to search.

7000mAh बैटरी वाला Moto Edge 70 Fusion ₹26999 में हुआ लॉन्च, जानें फीचर्स

Motorola Edge 70 Fusion Launched in India: मोटोरोला ने भारत में अपना नया 5G स्मार्टफोन Edge 70 Fusion लॉन्च कर दिया है। इस फोन में कंपनी ने 7000mAh की बैटरी दी है, जो 52 घंटे का टॉकटाइम देने का दावा करती है। 68W की TurboPower चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग जैसे फीचर्स इसे बैटरी के मामले में दमदार बनाते हैं।

Motorola Edge 70 Fusion Launched in India
X

Image Source: motorola.in

By swapnilkavinkar

Motorola Edge 70 Fusion Launched in India: मोटोरोला कंपनी ने भारतीय बाजार में अपना नया 5G स्मार्टफोन मोटोरोला एज 70 फ्यूजन (Motorola Edge 70 Fusion) लॉन्च कर दिया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की बैटरी है, जो आजकल के स्मार्टफोन्स में मिलना मुश्किल हो गया है। कंपनी ने बैटरी के साथ-साथ कैमरा और परफॉर्मेंस का भी खास ख्याल रखा है, ताकि यूजर्स को एक शानदार एक्सपीरियंस मिल सके।

दमदार बैटरी और सुपर फास्ट चार्जिंग

मोटोरोला ने एज 70 फ्यूजन में 7000mAh की बैटरी दी है। अगर आप रोजाना वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, तो इस बैटरी के साथ आपको बार-बार चार्जर ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी ने साफ किया है कि यह 52 घंटे का टॉकटाइम सामान्य इस्तेमाल में मिल सकता है, हालांकि यूज के हिसाब से यह थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है।

अब चार्जिंग की बात करें तो मोटोरोला ने इसमें 68W की TurboPower फास्ट चार्जिंग दी है। यह चार्जिंग इतनी तेज है कि अगर आपके पास सुबह सिर्फ 15-20 मिनट का समय है, तो भी फोन में दिनभर चलने लायक बैटरी चार्ज हो सकती है। एक और बड़ी बात, यह फोन रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करता है। मतलब आप अपने इस फोन से किसी दूसरे स्मार्टफोन या वायरलेस ईयरबड्स को भी चार्ज कर सकते हैं। ऐसे में यह फोन बैटरी बैकअप के मामले में काफी दमदार साबित हो सकता है।

डिजाइन और ड्यूरेबिलिटी

मोटोरोला ने इस फोन के डिजाइन में क्वॉड-कर्व डिजाइन का इस्तेमाल किया है, जिससे फोन को पकड़ने में एक अलग ही एहसास होता है। कंपनी ने इसे तीन पैनटोन रंगों में पेश किया है। पैनटोन ब्लू सर्फ, पैनटोन कंट्री एयर, और पैनटोन सिल्हूट इसमें शामिल हैं।

इस फोन को हल्का और पतला रखने के साथ-साथ मोटोरोला ने ड्यूरेबिलिटी का भी पूरा ख्याल रखा है। यह फोन IP68 और IP69 सर्टिफिकेशन से लैस है, जो इसे धूल और पानी से बचाता है। वहीं MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन इसे मजबूती प्रदान करता है। डिस्प्ले पर कंपनी ने कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i का प्रोटेक्शन दिया है, जो फोन को गिरने और खरोंच से बचाने में मदद करता है।

शानदार डिस्प्ले और ऑडियो

इस स्मार्टफोन में 6.78 इंच का 1.5K OLED क्वॉड कर्व्ड डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 5200 निट्स है, जिससे तेज धूप में भी फोन की स्क्रीन पर सब कुछ साफ दिखाई देगा। पैनटोन वैलिडेटेड कलर के साथ यह डिस्प्ले यूजर्स को बेहतरीन व्यूइंग एक्सपीरियंस देगा। ऑडियो के लिए इसमें डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं, जो डॉल्बी एटमॉस और हाई-रेस ऑडियो को सपोर्ट करते हैं।

कैमरा: Sony LYTIA 710 सेंसर

कैमरे की बात करें तो यह पहला स्मार्टफोन है जिसमें Sony LYTIA 710 सेंसर का इस्तेमाल किया गया है। इसके रियर में 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा है, जो OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन के साथ आता है। इसके अलावा 13 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड और मैक्रो लेंस भी दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है। मोटोरोला ने इस फोन में मोटो एआई और फोटो एन्हांसमेंट इंजन दिया है, जो तस्वीरों को स्टेबल और बेहतरीन बनाता है।

स्नैपड्रैगन प्रोसेसर और एआई फीचर्स

परफॉर्मेंस के लिए इसमें क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm आर्किटेक्चर पर बना है। यह प्रोसेसर न सिर्फ रोजमर्रा के कामों में दमदार परफॉर्मेंस देगा, बल्कि लो टू मीडियम गेमिंग और मल्टीटास्किंग में भी कोई दिक्कत नहीं आने देगा।

इस फोन में मोटो एआई के कई फीचर्स दिए गए हैं। नेक्स्ट मूव फीचर स्क्रीन के कॉन्टेंट को स्कैन करके यूजर्स को तुरंत सपोर्ट और जानकारी देता है। इसके अलावा प्लेलिस्ट स्टूडियो और इमेज स्टूडियो जैसे जनरेटिव एआई टूल्स भी इसमें शामिल हैं, जिनकी मदद से यूजर्स कस्टम प्लेलिस्ट, स्टिकर्स और वॉलपेपर बना सकते हैं।

कीमत और उपलब्धता

मोटोरोला एज 70 फ्यूजन (Motorola Edge 70 Fusion) के 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 26,999 रुपए रखी गई है। वहीं 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 29,999 रुपए और 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 32,999 रुपए है।

यह फोन 12 मार्च 2026 से फ्लिपकार्ट, मोटोरोला की आधिकारिक वेबसाइट और ऑफलाइन स्टोर्स पर खरीदने के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी ने अर्ली बर्ड सेल की भी शुरुआत कर दी है, जहां यूजर्स प्री-बुकिंग कर सकते हैं।

Next Story