3 सितंबर की हड़ताल को लेकर शिक्षक संघ की अलग अलग राय , 4 संगठनों ने किया समर्थन तो दो संगठनों ने किया किनारा , अन्य तटस्थ होकर देख रहे हैं नजारा !

रायपुर 31 अगस्त 2021। प्रदेश में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से 3 सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया गया है और कर्मचारी इसे सफल बनाने में भी जुटे हुए हैं लेकिन सबसे बड़े कर्मचारी संवर्ग का नेतृत्व करने वाले संगठन इस मुद्दे को लेकर एकजुट नहीं है यही वजह है कि प्रदेश के जहां 3 बड़े संगठनों ने कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आंदोलन को खुला समर्थन दिया है वही दो संगठनों ने इससे दूरी बनाने की ओर इशारा किया है ऐसे में 3 सितंबर की हड़ताल को लेकर शिक्षक संघों की तरफ से अलग-अलग नजारा दिख सकता है । हमने इस मुद्दे पर बड़े संगठनों के सभी प्रदेश अध्यक्ष से बात की तो यह बात निकलकर सामने आई कि इस विषय को लेकर शिक्षक संगठन भी एक राय नहीं है ।
हड़ताल में शामिल होने को लेकर जहां संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन, सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे, सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने खुली सहमति दी है वही शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे और छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने हड़ताल से दूरी बनाने की ओर इशारा किया है । पढ़िए क्या है इस मुद्दे पर शिक्षक संगठनों के नेतृत्वकर्ताओं का कहना
यह मुद्दा केवल शिक्षक हित का नहीं अपितु समस्त कर्मचारी जगत का है इसे लेकर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने पहल की है और हमारा उनको पूरी तरह से समर्थन है । लगातार महंगाई बढ़ रही है और वही लंबे समय से कर्मचारियों का महंगाई भत्ता राज्य सरकार द्वारा नहीं बढ़ाया गया है ऐसे में कर्मचारियों को दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे पर सर्व शिक्षक संघ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के साथ है ।
विवेक दुबे, प्रदेश अध्यक्ष, सर्व शिक्षक संघ
हमने इस हड़ताल को समर्थन देने का ऐलान किया है, हमने समर्थन पत्र भी फेडरेशन को भेजा है, संयुक्त शिक्षक संघ के सभी साथी कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के साथ हैं, हमारे संगठन के लोग 3 सितंबर को हड़ताल पर रहेंगे और अपना समर्थन देंगे। कर्मचारियों एवं अधिकारियों का जुलाई 2019 से महंगाई भत्ता लंबित है। कुल 28% महंगाई भत्ता प्रदान करने की मुख्य मांगें है, ये कर्मचारी हित का मसला है, जिसे लेकर हमने समर्थन की घोषणा की है
केदार जैन, प्रदेश अध्यक्ष, संयुक्त शिक्षक संघ
सहायक शिक्षक फेडरेशन ने 3 सितंबर के हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। प्रदेश के सभी सहायक शिक्षक 3 सितंबर को हड़ताल में रहेंगे। हमने हड़ताल पर रहने का फैसला लिया है। कर्मचारी हित के मुद्दे पर हर स्तर के प्रदर्शन पर फेडरेशन की सक्रियता रही है, हमने सहायक शिक्षक साथियों और फेडरेशन से जुड़े तमाम लोगों को आग्रह किया है कि वो कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की एकदिवसीय हड़ताल को सफल बनाये।
मनीष मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष , सहायक शिक्षक फेडरेशन
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की मांगों में महंगाई भत्ता को छोड़ दिया जाये तो अन्य मांगें एलबी शिक्षकों के हितों से जुड़ा हुआ नहीं है, हम चाहते हैं कि फेडरेशन शिक्षकों के क्रमोन्नति, वेतन विसंगति, अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों को भी शामिल करे। फेडरेशन से इस संर्दभ में शालेय शिक्षक संघ संपर्क में है, अगर शिक्षक हित को मांगों में जोड़ा जाता है तो समर्थन का निर्णय ले सकते हैं, अगर ऐसा नहीं होता है तो हम अलग रहने पर भी विचार कर सकते हैं। अंतिम निर्णय से पहले हम अपने साथियों से चर्चा करेंगे।
विरेन्द्र दुबे, प्रदेश अध्यक्ष, शालेय शिक्षक संघ
फेडरेशन के हम घटक दल नहीं हैं, हालांकि हम इस हड़ताल को अपना नैतिक समर्थन दे रहे हैं, भौतिक रूप से हम इस आंदोलन में शामिल नहीं होंगे। महंगाई भत्ता के मुद्दे पर हमारा संगठन खुद ही प्रदेश व्यापी ज्ञापन और अन्य जरिये से प्रयास कर रहा है, मुख्यमंत्री से भी हमने महंगाई भत्ता के लिए अनुरोध किया है।
संजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन
3 सितम्बर को छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के DA आंदोलन को छग”आम”सहायक शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने समर्थन देकर लगातार काली पट्टी लगाकर शालेय कार्य कर रहा है साथ ही प्रदेशभर से सहायक शिक्षक 3 सितम्बर को एक दिवसीय अवकाश लेकर ब्लाक,जिला और प्रदेश में धरना आंदोलन करेंगे।
शिव सारथी, प्रांतीय संयोजक, छग “आम”सहायक शिक्षक संघर्ष मोर्चा
