Begin typing your search above and press return to search.

शिक्षक बिग ब्रेकिंग : शिक्षकों की लगेगी कोरोना ड्यूटी, वैक्सीनेशन में करेंगे काम …. कोरोना की बुलायी बैठक में सरकार ने दिया निर्देश… पढ़िये पूरी खबर

शिक्षक बिग ब्रेकिंग : शिक्षकों की लगेगी कोरोना ड्यूटी, वैक्सीनेशन में करेंगे काम …. कोरोना की बुलायी बैठक में सरकार ने दिया निर्देश… पढ़िये पूरी खबर
X
By NPG News

मुख्यमंत्री ने कोविड-19 टीकाकरण तेजी से कराने के दिए निर्देश

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गाईडलाईन का कड़ाई से हो पालन

टीकाकरण केन्द्रों में हर दिन लक्ष्य के अनुरूप शत्-प्रतिशत हो टीकाकरण

कलेक्टरों को परिस्थिति के अनुरूप तत्काल निर्णय लेने और कंटेनमेंट जोन घोषित करने के दिए निर्देश

कोरोना संक्रमण रोकने मुख्यमंत्री ने ली उच्च स्तरीय बैठक

रायपुर, 28 मार्च 2021।

स्कूल बंद होने के बाद शिक्षक अब कोरोना ड्यूटी करेंगे। कोरोना को लेकर बुलायी बैठक में सरकार ने ये निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना के हालात पर मंत्रियों व अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान कोरोना संक्रमण की रोकथाम और कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कोरोना संक्रमण से प्रभावित जिलों में तेजी से कोविड-19 टीकाकरण कार्य कराने के निर्देश दिये गये हैं।

शिक्षकों व कर्मचारियों की लगेगी कोरोना ड्यूटी

छत्तीसगढ़़ में स्कूलों को बंद कर दिया गया है, लिहाजा अब शिक्षकों की भी कोरोना वैक्सीनेशन में ड्यूटी लगायी जायेगी। वो स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ कोरोना वैक्सीनेशन में अपनी सेवा देंगे। बैठक में टीकाकरण कराने में स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगरीय निकायों के कर्मचारियों और शिक्षकों सहित अन्य कर्मियों की ड्यूटी के निर्देश दिये गये हैं। टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए सरपंचों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिए जाए। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जारी की गई गाईडलाईन का कड़ाई से पालन किया जाए। इनमें किसी तरह की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसी तरह होम आईसोलेशन के मरीजों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए।

रात 9 बजे के बाद दुकानें होगी बंद

रात 9 बजे के बाद प्रदेश की दुकानों को बंद कर दिया जायेगा। सभी दुकानें, स्ट्रीट वेंडर सहित तमाम गतिविधियां बंद कर दी जायेगी। मुख्यमंत्री की इस हाईप्रोफाइल मीटिंग के बाद सरकार के सीनियर मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि रात 9 बजे के बाद तमाम दुकानें बंद होने के साथ-साथ किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगायी जायेगी।होटल और रेस्टोरेंट में 10 बजे तक खाना पार्सल किया जा सकेगा, रात 9 बजे के बाद नो मैंस लैंड हो जायेगा, किसी को बाहर निकलने की ईजाजत नहीं होगी”

वैक्सीनेशन के बाद मौत का खतरा बेहद कम

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण कोविड-19 से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय है। टीकाकरण के बाद भी लोगों को मास्क और सेनेटाईजर का निरंतर उपयोग करते रहना है। टीकाकरण होने के बाद संक्रमित होने पर स्थिति गंभीर नहीं होती है। कोरोना टीके के दोनों डोज लगने के बाद भी यदि व्यक्ति को कोरोना संक्रमण होता है तो वह मामूली होगा और स्थिति उतनी अधिक गंभीर नहीं होगी। ऐसी स्थिति में अस्पताल में भर्ती होने या मृत्यु की संभावनाएं नहीं रहती है।

स्वास्थ्य विभाग में होगी नयी भर्तियां

बैठक में कोरोना से निपटने के लिए तीन मोर्चों पर काम करने की बात कही गयी है। पहली बात ये कि जहां वैक्सीनेशन कम हो रहा है, वहां बहुत तेजी के साथ वैक्सीनेशन कराया जायेगा, वहीं प्रभावित जिलों में बजट और नयी नियुक्तियां की जायेगी, इसके लिए बजट और तमाम परिधि को शिथिल कर दिया गया है। वहीं गांवों में भी फैले् कोरोना को देखते हुए कंटेनमेंट जोन को बनाने के निर्देश दिये गये हैं स्वास्थ्य विभाग में डाक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ, नर्स सहित अन्य पदों पर तत्काल भर्ती की जायेगी, इसके लिए तुरंत मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये हैं”

कंटेनमेंट जोन बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमण का फैलाव तेजी से हो रहा है। उन स्थानों पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाए। इसी प्रकार गांवों में भी कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति में कंटेनमेंट जोन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन का कड़ाई से पालन कराया जाए। होम आईसोलेशन का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना गाईडलाईन का पालन करना सुनिश्चित कराया जाए। व्यापारिक और औद्योेगिक संस्थानों में काम करने वाले लोगों को विशेष ध्यान रखा जाए। उद्योगपति और व्यापारी यह सुनिश्चित करें कि वहां काम करने वाले सभी लोग मास्क लगाकर आए और सेनेटाईजर आदि का उपयोग करते रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने में सबकी भागीदारी आवश्यक है। संक्रमण को रोकने में पहले की ही तरह हम सबको मिलकर काम करना होगा। उन्होंने दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टरों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा कर कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की और कलेक्टरों को वहां की परिस्थिति के अनुरूप तत्काल आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण केन्द्रों में हर दिन लक्ष्य के अनुरूप शत्-प्रतिशत टीकाकरण होना चाहिए। टीकाकरण केन्द्रों के सुचारू संचालन के लिए स्थानीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों की भी आवश्यकता अनुसार ड्यूटी लगायी जाए, ताकि इन केन्द्रों में लगातार टीकाकरण की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इन केन्द्रों में टीकाकरण दल द्वारा पूरी क्षमता से टीकाकरण कार्य होना चाहिए।

Next Story