शिक्षिका ने गला रेतकर की आत्महत्याः जिस घर में शव मिला वहां पहले भी दो लोगों ने किया था सुसाइड, इलाके मे फैली सनसनी
रायपुर 19 जून 2021। एक शिक्षिका ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली है। घटना देर शाम अभनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 की है। मृतिका का नाम सरिता श्रीवास्तव था, जो अभनपुर के एक स्कूल में शिक्षिका थी।
जानकारी के मुताबिक मृतिका सरिता श्रीवास्तव वार्ड सात के एक मकान में 2014 से किराए पर रह रही थी। कुछ दिनों पहले ही उसे कोरोना हो गया था, जिसके बाद वो अपने मायके चली गयी थी। यहां से ठीक होने के बाद आज ही रायपुर लौटी थी। महिला का अपने पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिस वजह से कुछ समय से वो अकेले ही रायपुर में रह रही थी। आज घर लौटने के बाद अचानक से महिला ने चाकू से अपना गला काट लिया।
महिला को कमरे में पड़े देखकर, आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतिका महिला के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि, जिस घटन में महिला ने सुसाइड किया है, उस घर में पहले भी दो लोगों ने आत्महत्या की थी। अब तीसरी मौत होने की सूचना के बाद पूरे अभनपुर इलाके में सनसनी मच गयी है। फिलहाल पुलिस महिला के मकान मालिक और उसके परिजनों से इस संबंध में पूछताछ कर रही है।