ऐसा भी प्रमोशनः रिटायरमेंट से एक दिन पहले आईएफएस जेएसीएस राव पीसीसीएफ बनें, आईएएस जवाहर और विश्वकर्मा तथा आईपीएस पटेल का प्रमोशन भी ऐसा ही हुआ था

NPG.NEWS
रायपुर, 29 जून 2021। आईएफएस जेएसीएस राव आखिरकार आज पीसीसीएफ बन गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अनुमोदन होने के बाद आज फाइल मंत्रालय पहंुच गई। अभी-अभी पता चला है कि वन विभाग ने राव का आदेश जारी कर दिया है।
जेएसीएस राव को पीसीसीएफ बनाने 26 जून को डीपीसी हुई थी। डीपीसी में हरी झंडी मिलने के बाद फाइल सीएम हाउस गई थी। वहां से आज सुबह क्लियरेंस मिलने के बाद प्रमोशन की फाइल मंत्रालय गई और आदेश जारी हो गया।
जेएसीएस काफी चर्चित आईएफएस रहे हैं इसलिए उनके प्रमोशन पर संशय लगा हुआ था। छत्तीसगढ़ में वे हमेशा मलाईदार पोस्टिंग में रहे। रायगढ़ डीएफओ रहने के दौरान गड़बड़झाले पर इतना बवाल मचा कि उनके खिलाफ विभागीय जांच बिठानी पड़ी थी। वो तो गनीमत है, जांच अधिकारी डाॅ0 जीतेंद्र उपाध्याय थे….उन्होंने क्लीन चीट दे दी। हार्टिकल्चर डायरेक्टर रहने के दौरान भी अदरक, मुसली कांड हुआ था। वो मामला भी काफी सुर्खियों में रहा था।
छत्तीसगढ़़ में राव के खिलाफ जब एक के बाद एक मामले आने लगे तो वे बड़ी चतुराई से डेपुटेशन पर हैदराबाद निकल लिए। वहां से पांच साल बाद वापिस लौटे तब तक लोग सब भूल चुके थे। इन सब मामलों की वजह से राव के प्रमोशन पर तलवार लटकी हुई थी। मगर रिटायरमेंट से एक दिन पहले सरकार ने उन्हें पीसीसीएफ बना दिया। अब कल वे पीसीसीएफ के रूप में रिटायर होंगे।
इससे पहले रमन सरकार के दौरान दो आईएएस और एक आईपीएस को भी इसी तरह प्रमोशन मिला था। जवाहर श्रीवास्तव को रिटारयमेंट के एक घंटे पहले और आरएस विश्वकर्मा को दो रोज पहले सरकार ने प्रमुख सचिव बनाया था। इसी तरह आईपीएस आरसी पटेल का एडीजी का आदेश उनके रिटायरमें के चार घंटे बाद निकला था। वे शाम को पांच बजे रिटायर हुए और बैक डेट में आदेश निकला रात नौ बजे।
