सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या: दो भाइयों का विवाद सुलझाने पहुंचे दरोगा को बदमाशों ने मारी गोली… मुख्यमंत्री ने 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की

लखनऊ 25 मार्च 2021। उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार शाम दो भाईयों का विवाद निपटाने गए दारोगा प्रशांत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। सीएम ने इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने शहीद दारोगा प्रशांत यादव के आश्रित स्वजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी सेवा में लिया जाएगा।
बता दें कि, गांव नहर्रा निवासी विजय सिंह पहलवान के दो बेटो विश्वनाथ और शिवनाथ के बीच खेत को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। विजय सिंह ने पत्नी को छोड़ रखा है। बड़ा बेटा शिवनाथ पिता के साथ रहता है। वहीं छोटा विश्वनाथ मां के साथ रहता है। विजय के खेत के तीन हिस्से हुए हैं। एक हिस्सा विजय के पास है। इस पर शिवनाथ ने खेत में आलू की फसल की थी। बुधवार को विश्वनाथ ने पिता के खेत से आधा आलू मांगा। कहा कि यह मां के हिस्से का है। दोनों भाइयों के बीच सुबह विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। इस पर आलू की खुदाई होने लगी। पुलिस की भी मौजूदगी रही। तब कोई विवाद नहीं हुआ। शाम के समय विश्वनाथ पहुंच गया। उसने तमंचा लेकर मजदूरों को धमकाना शुरू कर दिया। शाम तकरीबन सात बजे दरोगा प्रशांत कुमार और सिपाही चंद्रसेन बाइक से गांव पहुंचे। खेत में विश्वनाथ के हाथ में तमंचा देखकर पीछे दौड़ लगा दी। वह भागने लगा। मगर, दरोगा पीछा करते रहे। इस पर विश्वनाथ ने गोली चला दी। इस घटना में मौके पर ही दरोगा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भाग निकला।
घटना के बाद थाना की फोर्स मौके पर पहुंची, जो दरोगा को अस्पताल लेकर गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर एडीजी राजीव कृष्ण, आईजी रेंज ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसआई प्रशांत कुमार यादव मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले थे। वह वर्ष 2015 बैच के दरोगा थे। वह बड़े ही शांत स्वभाव के थे।