Begin typing your search above and press return to search.

पहलवान बजरंग, रवि के साथ दीपक पूनिया को रूस भेजने की तैयारी, नीरज भी विदेश में कर रहे ट्रेनिंग

पहलवान बजरंग, रवि के साथ दीपक पूनिया को रूस भेजने की तैयारी, नीरज भी विदेश में कर रहे ट्रेनिंग
X
By NPG News

नईदिल्ली 27 दिसंबर 2021 I टोक्यो ओलंपिक के पदक विजेता खिलाडिय़ों को देश में हो रहे समारोह से दूर रख राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए उन्हें विदेश भेजने को कमर कस ली गई है। टोक्यो में स्वर्ण जीतने वाले नीरज चोपड़ा को अमेरिका भेजने के बाद अब टोक्यो के रजत और कांस्य पदक विजेता पहलवान रवि कुमार और बजरंग के साथ पांचवें स्थान पर रहने वाले दीपक पूनिया को रूस भेजा जा रहा है। तीनों पहलवान ब्लादीकाव्कज के उसी सेंटर में तैयारियों में जुटेंगे जहां उन्होंने ओलंपिक की तैयारियों को अंजाम दिया था। साई की टॉप्स डिवीजन में तीनों पहलवानों को रूस भेजने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। हालांकि रवि और दीपक के अब तक वीजा नहीं लगे हैं। ऐसे में तीनों पहलवानों के जनवरी माह में रूस निकलने की उम्मीद है। फिल्हाल एक माह के लिए इन पहवानों को रूस भेजने की योजना है। तीनों को ब्लादीकाव्कज सेंटर भेजने के पीछे उद्देश्य उनकी पुरानी फिटनेस वापस लाना है।

बजरंग और दीपक पूनिया दोनों की टोक्यो ओलंपिक के दौरान ही घुटने की चोट उभर आई थी। बजरंग को यह चोट रूस में ही ट्रेनिंग के दौरान लगी थी। टोक्यो से लौटने के बाद दोनों पहलवानों ने मुंबई में डॉ. दिनशा पाडीवाला को दिखाया था। दोनों को पुर्नवास पर भेज दिया गया था। अब दोनों ही पहलवान चोट से उबर चुके हैं, लेकिन उन्हें अपनी पुरानी फिटनेस हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी है। फिल्हाल बजरंग अपने फीजियो की मदद से घर पर ही अपने को फिट रखने में जुटे हैं। नीरज भी इस वक्त अमेरिका के चुला विस्टा सेंटर में जर्मनी के कोच क्लॉल बार्टिनिएट्स के संरक्षण में अपनी फिटनेस सुधारने में जुटे हैं।

Next Story