
नईदिल्ली 28 फरवरी 2022 I टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को मुंबई पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया. मुंबई के बांद्रा में विनोद कांबली ने नशे में ड्राइविंग करते हुए एक कार में टक्कर मार दी, जिसके बाद पुलिस ने ये एक्शन लिया. हालांकि, बाद में विनोद कांबली को बेल मिल गई.जानकारी के मुताबिक, 50 साल के विनोद कांबली शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे. उनके खिलाफ एक शख्स ने शिकायत दर्ज करवाई थी, आरोप था कि नशे में उन्होंने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी थी. बांद्रा पुलिस स्टेशन ने इसी के बाद विनोद कांबली को गिरफ्तार कर लिया था
Former India cricketer Vinod Kambli arrested for ramming his car into gate of his residential society in Mumbai's Bandra, released on bail later: Police
— Press Trust of India (@PTI_News) February 27, 2022
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कांबली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 336 (अन्य लोगों की ज़िदंगी और सुरक्षा को खतरे में डालना) और 427 (ऐसी हरकत करना जिससे नुकसान हो) के तहत बांद्रा थाने में एक मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया कि कांबली ने घटना के बाद परिसर के चौकीदार और कुछ निवासियों से कथित रूप से बहस भी की. जिसके बाद मामला बढ़ गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि उन्हें बाद में ज़मानत पर छोड़ दिया गया. मुंबई पुलिस ने कहा है कि विनोद कांबली की मेडिकल जांच भाभा अस्पताल में की गई है और उनके खून का सैंपल भी सीए के लिए सुरक्षित रखा गया है. 18 जनवरी, 1972 को मुंबई में जन्में विनोद कांबली ने महज़ 19 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. उन्होंने अक्टूबर 1991 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए अपना पहला वनडे मुकाबला खेला. इसके दो साल बाद 1993 में इस खब्बू बल्लेबाज़ ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया. कांबली के नाम 17 टेस्ट में 54.2 की औसत से 1084 रन हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो दोहरे शतक, चार शतक और तीन अर्धशतक निकले. वहीं 104 वनडे में कांबली ने दो शतक और 14 अर्धशतक की बदौलत 2477 रन अपने नाम किए. श्रीलंका के खिलाफ 2000 में कांबली ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला.
