SA vs NZ 4th T20i : दक्षिण अफ्रीका ने चौथे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को रौंदा, 19 रन से हराकर सीरीज की बराबर, कॉनर एस्टरहाउजन बने हीरो
साउथ अफ्रीका ने इस मैच में शानदार जीत के साथ सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहाउजन को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया है।

इमेज सोर्स - इंटरनेट
SA vs NZ 4th T20i : न्यूजीलैंड दौरे पर गई साउथ अफ्रीका की टीम ने चौथे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में कीवियों को 19 रनों से मात दे दी है। वेलिंग्टन में खेले गये चौथे टी20 मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहाउजन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की है।
दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को रौंदा
वेलिंग्टन के स्काई स्टेडियम में खेले गये मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया लेकिन कप्तान का फैसला उस वक्त गलत साबित हुआ, जब दक्षिण अफ्रीका का विकेट पहली ओवर की दूसरी गेंद पर ही गिर गया। ओपनर वियान मुल्डर (0) जेमिसन का शिकार हुए। उसवक्त दक्षिण अफ्रीका का खाता भी नहीं खुला था।
कॉनर एस्टरहाउजन बने हीरो
हालांकि, इसके बाद क्रीज पर आए विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहाउजन (57) और टोनी डिजॉर्जी (23) ने पारी को संभाला और 81 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। कॉनर एस्टरहाउजन ने मात्र 36 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की नैया को मझधार से निकाला। वहीं, टोनी डिजॉर्जी ने 21 गेंदों पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 23 रनों की सधी पारी खेली।
इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद रुबिन हरमन (नाबाद 28), डियॉन फॉरेस्टर (19), जेसन स्मिथ (19) और जॉर्ज लिंडे (नाबाद 14) ने दक्षिण अफ्रीका को संभाला और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 164 रनों का स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमिसन ने 2, जैकरी फॉक्स ने 1, बेन सीयर्स ने 1 और कोल मकौंकी ने 1 विकेट झटके।
19 रन से हराकर सीरीज की बराबर
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने सधी शुरुआत की। टिम रॉबिंसन (32 रन) ने जरूर कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन वे पारी को लंबा नहीं खींच पाए। इसके बाद डेन क्लीवर ने 26, निक केली ने 19, कोल मकौंकी ने 10, जॉश क्लार्कसन ने 10 और काइल जेमिसन ने 13 रनों की छोटी पारियां खेली, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में ही 145 रनों पर ही सिमट गई। इस तरह से दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 19 रनों से मात दे दी।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से जेराल्ड कट्जी ने 3, ऑटनिल बार्टमैन ने 2, प्रीनेलॉन सुब्रायेन ने 2, कप्तान केशव महाराज ने 2 और वियान मुल्डर ने 1 विकेट झटके। साउथ अफ्रीका ने इस मैच में शानदार जीत के साथ सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहाउजन को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया है।
