Akashdeep ruled out : केकेआर को झटके पर झटका, हर्षित राणा के बाद आकाश दीप भी आईपीएल से बाहर

इमेज सोर्स - गूगल
Akashdeep ruled out : कोलकाता नाइटराइडर्स की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हर्षित राणा के बाद अब तेज गेंदबाज आकाशदीप भी आईपीएल 2026 से बाहर हो गये हैं। फिलहाल वे बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोट से उबर रहे हैं।
आकाश दीप भी आईपीएल से बाहर
जानकारी के मुताबिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मैनेजर ने ही फ्रेंचाइजी को आकाश दीप की चोट के बारे में पूरी जानकारी साझा की है। विदित है कि 29 साल के आकाशदीप ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ट्रेनिंग कैंप में अबतक हिस्सा नहीं लिया है। हालांकि, उन्हें किस तरह की चोट लगी है, ये अबतक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि बिहार के लाल आकाश दीप का क्रिकेट करियर लगातार चोट की वजह से प्रभावित रहा है। इससे पहले भी उन्होंने टीम इंडिया और आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए कई मैच छोड़े हैं। साल 2022 में IPL में पदार्पण करने वाले आकाश दीप ने अबतक 14 मैच खेले हैं, जिनमें कुल 10 विकेट झटके हैं।
राणा, पतिराना और अब आकाश दीप चोटिल
फिलहाल शाहरुख खान की टीम केकेआर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं क्योंकि हर्षित राणा के बाद श्रीलंका के तेज गेंदबाज़ मतिशा पतिराना भी चोटिल हैं, जो आईपीएल के शुरुआती चरण में केकेआर का हिस्सा नहीं होंगे। अब आकाश दीप के भी आईपीएल से बाहर होने की खबर सामने आ गयी है लिहाजा केकेआर में अब तेज गेंदबाजी का पूरा दारोमदार वैभव अरोड़ा पर होगा।
-
Home
-
Menu

