Begin typing your search above and press return to search.

IND vs SA: क्या विराट के बाहर होने के कारण जोहानिसबर्ग टेस्ट हार गई टीम इंडिया? चौंकाने वाले हैं 'किंग कोहली' के रिकॉर्ड

IND vs SA: क्या विराट के बाहर होने के कारण जोहानिसबर्ग टेस्ट हार गई टीम इंडिया? चौंकाने वाले हैं किंग कोहली के रिकॉर्ड
X

 Virat Kohli

By NPG News

नईदिल्ली 7 जनवरी 2022 I भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला जोहानिसबर्ग में हार गई। मैच के चौथे दिन गुरुवार (छह जनवरी) को अफ्रीकी टीम ने सात विकेट से भारत को हरा दिया। टीम इंडिया की कप्तानी केएल राहुल ने की। राहुल बतौर कप्तान अपने पहले ही टेस्ट में हार गए। 240 रन का बचाव नहीं करने के कारण उनकी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या विराट कोहली होते तो टीम इंडिया नहीं हारती? क्या कोहली 240 रन का बचाव कर पाते? क्रिकेट में कभी भी कुछ भी संभव है, लेकिन आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि कोहली अगर कप्तान रहते तो टीम इंडिया इस लक्ष्य का बचाव कर लेती। कोहली के नेतृत्व में कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि टीम इंडिया 150 से ज्यादा रन को बचा नहीं सकी। कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक 67 मैच खेले हैं। इस दौरान उसे 40 में जीत और 16 में हार मिली है। 11 मैच ड्रॉ पर छूटे हैं।

अब बात अगर कोहली के खास रिकॉर्ड की करें तो विराट की कप्तानी में जब भी टीम इंडिया ने विपक्षी टीम को 150 रन से ज्यादा का लक्ष्य दिया तो हारी नहीं है। इस दौरान भारत को 27 मैच में से 25 में जीत मिली है। दो मैच ड्रॉ रहे हैं। भारतीय टीम को एक भी मुकाबले में हार नहीं मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 240 रन के लक्ष्य को हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। अफ्रीकी टीम भारत के खिलाफ दो बार रनचेज करते हुए 200 या उससे ज्यादा रन का बनाकर मैच अपने नाम किया है। संयोग कि बात है कि दोनों बार तारीख छह जनवरी ही थी। दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार छह जनवरी 2007 को केपटाउन में पांच विकेट पर 211 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया था। उसके बाद अब जोहानिसबर्ग में छह जनवरी 2022 को तीन विकेट पर 243 रन बना लिए। जोहानिसबर्ग टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। उसने पहली पारी में 202 रन बनाए। कप्तान केएल राहुल ने 50 और रविचंद्रन अश्विन ने 46 रनों की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 229 रन बनाए। उसे 27 रनों की बढ़त हासिल की। अफ्रीकी टीम के लिए पहली पारी में कीगन पीटरसन ने 62 और टेंबा बावुमा ने 51 रन बनाए। भारत ने दूसरी पारी में 266 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे ने 58 और चेतेश्वर पुजारा ने 53 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका को इस तरह 240 रन का लक्ष्य मिला। उसने तीन विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 86 रनों की पारी खेली।

Next Story