Begin typing your search above and press return to search.

देश में अबतक 2 करोड़ से ज्यादा मरीजों ने दी कोविड को मात, 24 घंटे में ठीक होने वालों की संख्या नए मरीजों से अधिक

देश में अबतक 2 करोड़ से ज्यादा मरीजों ने दी कोविड को मात, 24 घंटे में ठीक होने वालों की संख्या नए मरीजों से अधिक
X
By NPG News

नई दिल्ली 14 मई 2021. देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3 लाख 43 हजार 144 नए मरीज सामने आए हैं जबकि इस अवधि में 4 हजार कोरोना मरीजों की मौत भी हुई है। राहत की बात ये है कि इस दौरान कोरोना संक्रमण से उबरने वालों की संख्या 3 लाख 44 हजार 776 रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए आकंड़ों के बाद देश में अबतक सामने आए कोरोना संक्रमण के मामले 2 करोड़ 40 लाख 46 हजार 809 तक पहुंच गए हैं। इन मामलों में से 2 करोड़ 79 हजार 599 मरीज कोरोना महामारी को मात दे चुके हैं, जबकि 2 लाख 62 हजार 317 की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। इस वक्त देश में कोरोना के एक्टिव मामले 37 लाख 4 हजार 893 हैं।

भारत में पिछले 24 घंटे में तीन लाख 44 हजार 776 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही अब तक कोविड-19 को मात देने वालों की कुल संख्या दो करोड़ (दो करोड़ 79 हजार 599) से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने बताया, पिछले चार में से तीन दिन भारत में कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की संख्या रोजाना के नए मरीजों से अधिक रही है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में स्वस्थ होने वालों में 71.16 फीसदी मरीज 10 राज्यों से रहे हैं।

शुक्रवार को 3 लाख 43 हजार नए केस
देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3 लाख 43 हजार 144 नए मामले आए। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 42 हजार 582 नए मामले आए। इसके बाद केरल में 39 हजार 955 और कर्नाटक में 35 हजार 297 नए मामले सामने आए। मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोविड-19 के लिए 31 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है और सकल संक्रमण दर थोड़ा बढ़कर 7.72 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, दैनिक संक्रमण दर में थोड़ी गिरावट आई है और यह 20.08 फीसदी हो गई है।

देश में 37 लाख एक्टिवस केस
मंत्रालय ने बताया कि भारत में कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 37 लाख चार हजार 893 है, जो देश के कुल मामलों का 15.41 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय मृत्यु दर फिलहाल 1.09 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुल 4000 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई।

नई मौतों में दस राज्यों की 72.70 फीसदी हिस्सेदारी
मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 से होने वाली नई मौतों में दस राज्यों की 72.70 फीसदी हिस्सेदारी है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 850 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मौत हुई। उसके बाद कर्नाटक में 344 लोगों की मृत्यु हुई। मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड-19 के टीके की तकरीबन 18 करोड़ खुराक अब तक लोगों को दी जा चुकी है।

Next Story