कर्मचारियों को झटका, एयर इंडिया बिना वेतन के 5 साल के लिए जबरन भेजेगी छुट्टी पर….लिस्ट किया जा रहा है तैयार …

नयी दिल्ली 15 जुलाई 2020। कोरोना का बड़ा साइड इफेक्ट अब देश में दिखायी पड़ने लगा है। खबर है कि एयर इंडिया अपने कई कर्मचारियों को जबरिया छुट्टी करने की तैयारी में हैं। इसके लिए एयर इंडिया ने अब लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बंसल को अधिकार दिया गया है कि वह कुछ कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से बिना वेतन के 6 महीने से लेकर पांच साल तक की छुट्टी पर भेज सकते हैं. कर्मचारियों को उनकी दक्षता, क्षमता, प्रदर्शन की गुणवत्ता, कर्मचारियों का स्वास्थ्य आदि के आधार पर चयन किया जाएगा कि किन्हें छुट्टी पर भेजा जाए।
एयरलाइन संकट से उबरने के लिए और लागत घटाने के लिए एक स्कीम लेकर आई है, जिसके तहत एयरलाइन कर्मचारियों को 6 महीने से 2 साल तक LWP पर भेज रही है। यह बढ़कर 5 साल तक के लिए भी हो सकता है। मैनेजमेंट यह अधिकार रखता है कि वह किसी भी कर्मचारी को सही से मूल्यांकन कर एयरलाइन की जरूरत, उसकी सेहत और कॉम्पिटेंस लेवल के आधार पर LWP पर भेज दे। रिजनल डायरेक्टर्स और डिपार्टमेंटल हेड को 15 अगस्त तक लिस्ट भेजने के लिए कहा गया है। एयर इंडिया में करीब 13 हजार परमानेंट कर्मचारी काम करते हैं। इनकी मंथली सैलरी 230 करोड़ रुपये है।
एयर इंडिया द्वारा 14 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यालय में विभागों के प्रमुखों के साथ-साथ क्षेत्रीय कार्यालयों के निदेशक उपरोक्त कसौटियों के आधार पर प्रत्येक कर्मचारी का मूल्यांकन करेंगे और बिना वेतन अनिवार्य अवकाश के विकल्प के मामलों की पहचान करेंगे।आदेश में कहा गया, ‘ऐसे कर्मचारियों के नामों को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की आवश्यक मंजूरी के लिए मुख्यालय में महाप्रबंधक (कार्मिक) को अग्रसारित किया जाना चाहिए। इस संबंध में पूछे जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम इस मामले पर टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।’ उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस की महामारी की वजह से भारत और अन्य देशों में यात्रा पर लगे प्रतिबंध की वजह से विमानन कंपनियों पर बहुत अधिक असर हुआ है।
