भिलाई स्टील प्लांट के सीनियर मैनेजर ने नदी में कूदकर की आत्महत्या, रसमड़ा एनीकट में मिली लाश, सामने आई ये सच्चाई

भिलाई, 08 अक्टूबर 2021। पोस्ट कोविड़ संक्रमण से परेशान भिलाई स्टील प्लांट के वाटर मैनेजमेंट विभाग के सीनियर मैनेजर चंदन दास ने शिवनाथ नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। एसडीआरएफ की टीम ने उनका शव रसमड़ा एनीकट से बरामद किया है।
रिसाली निवासी भिलाई स्टील प्लांट के वाटर मैनजमेंट विभाग में सीनियर मैनेजर चंदन दास को कोरोना हुआ था। इसके बाद कई तरह की परेशानियों से जूझ रहे थे।मानसिक रूप से परेशान चल रहे दास बुधवार को घर से निकले। काफी रात तक वापस न आने पर परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी थी। पुलिस को खोज में महमरा एनीकट के पास दास की स्कूटी व चप्पल मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को एनीकट में कूदते हुए देखा है, जिसके बाद एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुला कर नदी में तलाश शुरू की गई। बहाव अधिक होने के कारण लाश बह कर रसमड़ा एनीकट तक चली गई थी, जिसे गोताखोरों ने आज बरामद किया है।
