Begin typing your search above and press return to search.

सहवाग ने बताया क्यों विराट कोहली से नहीं बने न्यूजीलैंड में रन

सहवाग ने बताया क्यों विराट कोहली से नहीं बने न्यूजीलैंड में रन
X
By NPG News

नईदिल्ली 5 मार्च 2020. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की खराब फॉर्म को लेकर तमाम क्रिकेट एक्सपर्ट अपनी राय रख चुके हैं। हाल में खत्म हुए न्यूजीलैंड दौरे पर विराट का बल्ला टी20 इंटरनेशनल, वनडे इंटरनेशनल और टेस्ट सीरीज में शांत ही रहा और इसको लेकर उनकी काफी आलोचना भी हुई। टेस्ट सीरीज में तो विराट की हालत और भी खस्ता थी और वो चार पारियों में महज 38 रन ही बना सके। अब विराट की खराब फॉर्म को लेकर टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपनी राय रखी है।

सहवाग का मानना है कि विराट के साथ इस समय सिर्फ फॉर्म की समस्या है, उन्होंने कहा ऐसा कुछ नहीं है कि विराट के हाथ और आंखों के बीच बैलेंस बिगड़ गया है। स्पोर्ट्सस्टार ने सहवाग के हवाले से लिखा, ‘जब आप फॉर्म में नहीं होते हों कुछ भी आपके लिए काम नहीं करता। ऐसा नहीं है कि विराट कोशिश नहीं कर रहे हैं, लेकिन किस्मत उनके साथ नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘विराट के साथ हाथ और आंख के बीच बैलेंस का मुद्दा नहीं है। आपका आंख-हाथ के बीच का बैलेंस समय के साथ-साथ कम होता है लेकिन एक रात में नहीं। मैं आश्वस्त हूं कि यह फॉर्म का मुद्दा है। वो अच्छी गेंदों पर आउट हुए हैं।’

विराट का न्यूजीलैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा। न्यूजीलैंड दौर पर कुल उन्होंने 11 पारियां खेलीं और सिर्फ 218 रन बना पाए। सहवाग ने कहा, ‘न्यूजीलैंड में गेंद काफी सीम करती है और अगर आप रन नहीं कर रहे हैं तो चुनौती ज्यादा बढ़ जाती है। जाहिर सी बात है, आप फ्रंटफुट पर खेल, गेंद को छोड़ते हुए तालमेल बैठा सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए अहम है कि आपको पता हो कि गेंद कब छोड़नी है और आप यह तब कर सकते हैं जब आप आत्मविश्वास से भरे हों। दबाव के कारण भी विराट आउट हुए।’

Next Story