उत्तर प्रदेश ज़िला पंचायत चुनाव में लहराया केसरिया.. गदगद PM मोदी ने CM योगी, यूपी सरकार और संगठन को दी बधाई..CM योगी का विपक्ष पर तंज – “हमारी जीत पर आरोप EVM पर लगाते थे, ये बैलेट पेपर से हुए तो अब प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं”

लखनऊ,3 जुलाई 2021।विधानसभा चुनावों के ठीक पहले राज्य सरकार की सबसे बड़ी परीक्षा के रुप में देखे जा रहे ज़िला पंचायत चुनावों में भाजपा ने जीत का वो परचम लहराया है कि प्रधानमंत्री मोदी भी खुशी नहीं छुपा पाए। PM मोदी के इस ट्वीट ने यह भी साबित किया कि,यूपी भाजपा के लिए किस कदर जरुरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने जीत के लिए मुख्यमंत्री योगी को बधाई दी है।
उत्तर प्रदेश के ज़िला पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए ऐसी ताबड़तोड़ सफलता की उम्मीद शायद ही किसी को होगी। भाजपा ने उत्तरप्रदेश के 75 ज़िला पंचायत में से 67 पर जीत दर्ज की है। यह रिकॉर्ड तोड़ जीत है और पश्चिम बंगाल की हार से थकी भाजपा के लिए संजीवनी है।
ज़िला पंचायत के ये चुनाव किस कदर विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखे जा रहे थे और इस पर क्या क्या टिका था इसका जायज़ा CM योगी की बात से मिलता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जीत पर कहा –
“ये एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है कि हम लोगों ने देश की सबसे बड़ी आबादी के राज्य को कोरोना से पूरी तरह नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त की और आज पंचायत चुनाव में भाजपा ने 75 में से 67 सीटें जीती हैं,मैं हर कार्यकर्ता का आभार जताता हूँ,भाजपा 2022 का चुनाव बेहद बड़े अंतर से जीतेगी.. हम तीन सौ से ज़्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे”
इस धमाकेदार जीत की खबर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय 11 अशोक रोड के साथ साथ रायसेन हिल्स पहुँची और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत की ख़ुशी जताने और बधाई देने में देर नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा
“यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार विजय विकास, जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद है।इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी जी की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को इसके लिए हार्दिक बधाई।”
जीत वो भी ऐसी रिकॉर्ड जीत के बाद स्वाभाविक रुप से भाजपा का उत्साह चरम पर है। इस जीत पर हालाँकि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिप्पणी की
“यह जीत प्रशासनिक है.. पूरा प्रशासन झोंक दिया गया है.. भाजपा गुंडई पैसे और प्रशासन के दम पर चुनाव जीती है”
जीत आख़िरकार जीत है, और ऐसी जीत को सियासती ज़ुबान में आँधी ही कहा जाता है। योगी आदित्यनाथ ने इस जीत के ज़रिए पार्टी के भीतर और बाहर मौजुद विरोधियों को करारा जवाब दिया है। सपा के आरोपों पर मुख्यमंत्री योगी ने कटाक्ष करते हुए कहा
“अगर हम लोकसभा या विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो आरोप ईवीएम पर आता है, तब उन्होंने मांग की थी कि बैलेट पेपर से चुनाव होने चाहिए। इस बार बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो अब वो प्रशासन पर आरोप लगाने लगे”
