रोका छेका अभियान-निगम ने 1776 लोगों से भराया संकल्प पत्र… आवारा मवेशियों को पकड़ने का काम जारी, 6 दिनों में 124 मवेशियों को पकड़ा गया है

कमिश्नर का फरमान सड़क पर मवेशी दिखे तो जोन कमिश्नर होंगे जिम्मेदार
बिलासपुर 6 जुलाई 2021. आवारा पशुओं को खुले में घूमने से रोकने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाए जा रहे “रोका छेका-संकल्प अभियान” के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा 26 जून से 30 जून तक 1776 मवेशी मालिकों से अपने पालतू जानवरों को बाहर नहीं छोड़ने का संकल्प पत्र भराया गया है। साथ ही सड़को पर दिखने वाले आवारा मवेशियों को पकड़ने का भी काम किया जा रहा है,जिन्हें मोपका स्थित गौठान में रखा गया है। छः दिनों में अब तक 124 अवारा मवेशियों को निगम द्वारा पकड़ा गया है जिनमें से 44 मवेशियों को उनके मालिकों को समझाइश देकर छोड़ा गया है ।मवेशियों का रख-रखाव नगर निगम द्वारा किया जा रहा है.इसके अलावा निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है की सड़क पर अगर मवेशी दिखाई देंगे तो संबधित जोन कमिश्नर ज़िम्मेदार होंगे।
नगरीय निकाय क्षेत्रों को आवारा पशु मुक्त,स्वच्छ रखने के साथ साथ दुर्घटना मुक्त रखने हेतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 26 जून से “रोका छेका-संकल्प अभियान” पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। जिसके तहत नगर पालिक निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी के निर्देश पर नगर निगम टीम द्वारा निगम सीमा के भीतर भ्रमण कर जितने भी डेयरी संचालक और मवेशी मालिक हैं,उनसे संकल्प पत्र भरवाया जा रहा है की वे अपने पालतू मवेशियों को अपने गौठान से बाहर नहीं छोड़ेंगे.अब तक 1776 मवेशी मालिकों से संकल्प पत्र भराया जा चुका है। इसके अलावा सड़कों पर नज़र आने वाले हजारों आवारा मवेशियों को निगम की टीम द्वारा पकड़ कर मोपका स्थित गौठान ले जाया गया है। निगम के अतिक्रमण और बाज़ार शाखा के वाहनों का भी इस्तेमाल मवेशियों को पकड़ने में किया जा रहा है ताकि सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को अधिक से अधिक संख्या में पकड़ा जा सके और सड़कों को आवारा पशु मुक्त बनाया जा सकें।
25 एकड़ में चराया जा रहा,रोज चिकित्सकीय जांच भी
मोपका स्थित गौठान में रखें गए मवेशियों को चरने के लिए 25 एकड़ क्षेत्र में चारागाह बनाया गया है जहां नेपियर घास लगाया गया है।चारागाह को फेंसिंग तार से घेरा गया है ताकि मवेशी बाहर ना निकल सकें.इसके अलावा इन मवेशियों के लिए भूसा-कटिया समेत इनके खाद्य पदार्थों की भी व्यवस्था की गई है। गौठान में रखें गए मवेशियों का प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता है,स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सक रोजाना गौठान का दौरा करते हैं।
मवेशियों को बाहर ना छोड़ें-कमिश्नर
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने मवेशी मालिकों से अपील करते हुए कहा की अपने पालतू मवेशियों को बाहर ना छोड़ें,शहर को आवारा पशु मुक्त,स्वच्छ और दुर्घटना मुक्त रखने के लिए हम सभी को प्रयास करना होगा।अपने पालतू मवेशियों को अपने स्थान पर रख कर चारा-पानी की समुचित व्यवस्था करें या नगरीय निकाय के गौठान में निर्धारित शुल्क अदा कर चरवाहे के साथ चरने भेजे।
