ज्वेलर्स दुकान में 76 लाख की चोरी का खुलासा: एक महिला सहित चार गिरफ्तार, चोरी का माल भी जब्त

धमतरी 7 अक्टूबर 2021। एक सप्ताह पहले सराफा दुकान में हुई 76 लाख की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले मे एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों के पास से लगभग 55 लाख के जेवरात भी जब्त कर लिये गये है।
घटना सदर बाजार धमतरी की है। 1 अक्टूबर की रात में संकलेचा ज्वेलर्स में 77 लाख के सोने चांदी के जेवरात चोरी हो गये थे, जिसकी शिकायत ज्वेलर्स के मालिक ने सदर बाजार थाने दर्ज कराई थी। पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुये एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने इसके जांच के आदेश दिये थे। पुलिस जांच के दौरान मुखबीर से सूचना मिली थी कि, दो संदेही आरोपी रिसाईपारा से दो पहिया वाहन मे इतवारी बाजार की ओर आते देखे गये है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उसने अपने मामा सहित चार लोगों के साथ मिलकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था और फिर सामान आपस में बाटकर सभी अपने अपने घर चले गये थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देवराज वर्मा 40 वर्ष निवासी ओमनगर जरहाभाठा, अशोक नायक 27 वर्ष टिकरापारा धमतरी, कैलाश बैरागी 34 वर्ष रायपुर, रोशनी चाघाडे 27 वर्ष धमतरी को गिरफ्तार किया है।
