CG-रिटायर्ड शिक्षिका की हत्याः हाथ-पैर बांधकर धारदार हाथियार से रेता गया गला, घर से मृतिका की कार भी गायब….संदिग्ध से पूछताछ जारी

अंबिकापुर 23 अगस्त 2021। रिटायर्ड शिक्षिका की उसके घर में ही किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गयी है। आरोपी ने शिक्षिका की बड़े ही निर्ममता के साथ हत्या की है। शिक्षिका के हत्या के पहले उसके हाथ पैर बांधे गये और उसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। मृतिका शिक्षिका का नाम शांति शेट्ठी था।
जानकारी के मुताबिक घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर की है। यहां पर किराए के एक मकान में रिटायर्ड शिक्षिका शांति शेट्ठी रहती थी। आज सुबह जब उनका भतीजा उनसे मिलने आया तो मकान के बाहर का दरवाजा बाहर से बंद था। साथ ही गेट के बाहर काफी बदबू भी आ रही थी। मौसी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुये इसकी जानकारी गांधीनगर पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अंदर देखा तो कमरे में शिक्षिका का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। शव के हाथ और पैर बंधे हुये थे और गले में गहरे जख्म के निशान थे। शव दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वहीं शिक्षिका की कार भी घर से गायब है।
एएसपी चंचल तिवारी ने इस मामले में एनपीजी को जानकारी देते हुये बताया कि, इस मामले में कुछ संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है, जल्द ही इस मामले खुलासा भी हो जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
